बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव: नितिन नबीन आज दाखिल करेंगे नामांकन, जानें कब है चुनाव

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनावी प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। पार्टी के वर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार, 19 जनवरी को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में अपना नामांकन पत्र जमा करेंगे। सूत्रों के अनुसार, दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे के बीच नामांकन दाखिल किया जाएगा।

इसके बाद शाम 4 से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि शाम 5 से 6 बजे तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। यदि कोई अन्य उम्मीदवार नहीं आता है, तो नितिन नबीन निर्विरोध चुने जाएंगे।

चुनाव और घोषणा का कार्यक्रम

बीजेपी के राष्ट्रीय रिटर्निंग अधिकारी के. लक्ष्मण द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक, यदि जरूरत पड़ी तो मतदान 20 जनवरी को होगा। नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का आधिकारिक ऐलान भी इसी दिन किया जाएगा। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता, सभी बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और अन्य प्रमुख नेता दिल्ली में मौजूद रहेंगे।

चुनाव के लिए कुल 5708 मतदाताओं का इलेक्टोरल कॉलेज तैयार किया गया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित राष्ट्रीय परिषद और विभिन्न राज्यों की परिषद के सदस्य शामिल हैं। यह सूची उन 30 राज्यों से तैयार की गई है जहां संगठन चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

नितिन नबीन के बारे में

46 वर्षीय नितिन नबीन बिहार से पांच बार विधायक रह चुके हैं और पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे पूर्व में बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। 15 दिसंबर 2025 को उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। यदि चुने जाते हैं, तो वे पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाएंगे।

नबीन को एक समर्पित संगठनकर्ता और जमीनी स्तर पर मजबूत कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है। उनकी यह भूमिका पार्टी में युवा नेतृत्व और नई ऊर्जा लाने का संकेत मानी जा रही है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह शामिल हैं, उनका खुलकर समर्थन कर रहे हैं, जिससे उनका निर्विरोध चुनाव लगभग तय माना जा रहा है।

संबंधित समाचार