Moradabad : स्मार्ट मीटर व्यवस्था में बदलाव, अब प्रीपेड मोड में बदलेंगे पुराने मीटर
रिचार्ज करने पर ही मिलेगी बिजली आपूर्ति
मुरादाबाद, अमृत विचार। बिजली विभाग की ओर से स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगने की प्रक्रिया में बदलाव किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार एक फरवरी से पहले लगे स्मार्ट मीटरों को अब प्रीपेड मीटर मोड में तब्दील किया जाएगा। जिसके बाद उपभोक्ता को बिजली आपूर्ति के लिए रिचार्ज कराना पड़ेगा।
मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि महानगर क्षेत्र में अब तक 72 हजार 600 स्मार्ट मीटर लग चुके हैं। अभी तक इन मीटरों का बिल का बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को भेजा जाता था, लेकिन एक फरवरी से इन उपभोक्ताओं को नियमित बिजली बिल नहीं मिलेगा। नए नियम के अनुसार उपभोक्ताओं को मोबाइल रिचार्ज की तरह पहले से बिजली रिचार्ज करानी होगी। रिचार्ज समाप्त होने पर बिजली आपूर्ति खुद बंद हो जाएगी, इससे बचने के लिए उपभोक्ताओं को समय रहते रिचार्ज कराकर बैलेंस बनाए रखना होगा।उन्होंने बताया कि इस बदलाव से बकाया बिलों की समस्या कम होगी और उपभोक्ता भी बिजली खपत पर सीधा नियंत्रण कर सकेंगे। कई स्थानों उपभोक्ता ने इस नई व्यवस्था को लेकर अपना विरोध जताया है। उपभोक्ताओं को प्रीपेड मीटर से जुड़ी पूरी जानकारी और रिचार्ज प्रक्रिया के बारे में विभाग प्रचार-प्रसार कर जानकारी देगा।
