प्रदेश में फार्मर रजिस्ट्री अभियान तेज : बिचौलियों से किसानों को बचाएगी योगी सरकार, एक किसान ID से मिलेगें फायदें

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

कानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार किसानों को मध्यस्थों (बिचौलियों) से मुक्ति दिलाने और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री (किसान आईडी) अभियान को मिशन मोड में तेज करने जा रही है। कानपुर जिले में अभी भी लगभग 29 प्रतिशत किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री नहीं करा पाए हैं। 

इन किसानों को जागरूक करने और मौके पर ही पंजीकरण कराने के लिए 6 अप्रैल से 31 मई 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। कानपुर जिले का मौजूदा आंकड़ाजिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में पीएम किसान सम्मान निधि के कुल 2,41,877 लाभार्थी किसानों में से अब तक केवल 1,73,580 किसानों (लगभग 71.76%) की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। शेष किसानों के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

इन टीमों में पंचायत सहायक, लेखपाल और कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) शामिल होंगे, जो गांव-गांव जाकर कैंप लगाएंगे और किसानों की रजिस्ट्री करेंगे।फार्मर रजिस्ट्री क्या है और क्यों जरूरी?हर नागरिक के पास आधार कार्ड की तरह, अब हर किसान के लिए एक किसान आईडी (फार्मर रजिस्ट्री) तैयार की जा रही है। इसमें किसान का नाम, खेत का खसरा-खतौनी नंबर और आधार से लिंक मोबाइल नंबर दर्ज किया जाता है।

इससे मिलने वाले लाभ:पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, कृषि सब्सिडी और केसीसी आदि योजनाओं का पैसा सीधे बैंक खाते में आएगा।बिचौलियों का खेल खत्म होगा। सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।भविष्य में सरकारी केंद्रों पर अनाज बेचने (एमएसपी खरीद) के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य हो जाएगी।

रजिस्ट्री कैसे कराएं? किसानों को चाहिए:आधार कार्ड

आधार से लिंक मोबाइल नंबर

खतौनी (भूमि रिकॉर्ड) की नकल

पंजीकरण के विकल्प:आधिकारिक पोर्टल https://upfr.agristack.gov.in पर ऑनलाइन

नजदीकी जन सेवा केंद्र (CSC)

गांव में लगने वाले विशेष कैंप (6 अप्रैल से शुरू)

अधिकारियों का बयानजिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा, '6 अप्रैल से विशेष कैंप लगाकर बचे हुए किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी की जाएगी। 31 मई तक चलने वाले इस अभियान का लक्ष्य है कि हर पात्र किसान डिजिटल डेटाबेस से जुड़ जाए। किसान भाई जल्द से जल्द अपनी किसान आईडी बनवा लें, ताकि सरकारी योजनाओं और खरीद में कोई परेशानी न हो।

भूमि  संरक्षण अधिकारी आर.पी. कुशवाहा ने कहा: “किसान आईडी को शत-प्रतिशत पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी किसान 31 मई तक अपनी रजिस्ट्री अवश्य करा लें।”सलाह: कानपुर या उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले के किसान भाइयों से अनुरोध है कि वे इस अभियान का लाभ उठाएं और समय रहते अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूरी कर लें।

ये भी पढ़ें : 
Kanpur News: मिडिल ईस्ट तनाव के चलते कानपुर एयरपोर्ट पर दिखा असर, यात्रियों में आई भारी कमी

संबंधित समाचार