कानपुर : गुड फ्राईडे पर चर्चों में की गई विशेष आराधना, वेदी तक फादर ले गए यीशु का क्रूस, सुनाई 7 वाणियां
कानपुर, अमृत विचार। गुड फ्राइडे को प्रभु यीशु मसीह के बलिदान की याद में कानपुर के विभिन्न चर्चों में विशेष आराधना आयोजित की गई। फादरों की टीम ने प्रभु यीशु मसीह का क्रूस उठाकर भक्तिभाव से वेदी तक पहुंचाया। इस दौरान यीशु मसीह द्वारा क्रूस पर कही गई सात वाणियां भक्तों को सुनाई गईं।
भक्तों ने क्रूस चुम्बन कर यीशु के कष्टों को याद किया। शुक्रवार को गुड फ्राइडे के अवसर पर संत फ्रांसिस जेवियर्स चर्च, अशोक नगर में युवाओं द्वारा मसीह के क्रूस पर चढ़ाए जाने का नाटकीय रूपांतरण प्रस्तुत किया गया। प्रभु यीशु मसीह के क्रूस-मरण तथा क्रूस की उपासना बड़े भक्तिभाव से मनाई गई। आराधना की शुरुआत गीत “जो क्रूस पर कुर्बान है, वो मेरा मसीहा है” से हुई।
फादर के.के. एंटोनी, फादर जोसेफ सहायनाथन और फादर एंटोनी स्वामी ने यीशु मसीह का क्रूस उठाकर वेदी तक ले जाया। इस दिन को प्रार्थना, उपवास और त्याग का दिन माना जाता है, क्योंकि इसी दिन प्रभु यीशु सूली (क्रूस) पर चढ़ाए गए थे।
क्रूस उपासना के बाद मुख्य वक्ता फादर जोसेफ सहायनाथन ने कहा, “आज पुण्य शुक्रवार है। आज ही के दिन प्रभु ईसा मसीह ने सारी मानव जाति के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन बलिदान कर दिया। प्रभु यीशु दीन-दुखियों और दरिद्रों के लिए आवाज बने और सबकी मुक्ति के लिए उन्होंने स्वयं को समर्पित किया। उनके आत्म-त्याग के कारण ही हम पाप से मुक्त हुए हैं। आज हम यीशु के क्रूस-मरण की याद करते हैं, जिसके द्वारा हमारा उद्धार हुआ है।”
इस अवसर पर अजय बैनेडिक्ट, नोएल जॉर्ज, अनिल मसीह, वीनू जैकब, बाबा मेंडिस, आशीष दानी, सिस्टर रंजना, सिस्टर रिया तथा फातिमा कान्वेंट स्कूल, मरियमपुर स्कूल, मरिया भवन, नरियमपुर अस्पताल की धर्म बहनों सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।
अन्य चर्चों में आयोजन
द गुड शेपर्ड चर्च, गूबा गार्डन, कल्याणपुर में भी गुड फ्राइडे पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। भक्तों ने यीशु मसीह के बलिदान को याद किया। बिशप पंकज राज मलिक ने यीशु द्वारा क्रूस पर कही गई सात वाणियां भक्तों को सुनाईं। इस मौके पर अनुपमा मलिक, शीना मलिक, पादरी सागर मैसी, अनुराज मलिक, पादरी सत्येंद्र श्रीवास्तव, श्रेयराज, अभिमन्यु, सौरभ राज आदि उपस्थित रहे।न्यू इंडिया चर्च ऑफ गॉड, गोविंद नगर में पादरी जितेंद्र सिंह ने विशेष आराधना की और यीशु मसीह के संदेश को भक्तों तक पहुंचाया।
चर्च ऑफ क्राइस्ट, पांडु नगर में रेव. सैमुअल सिंह, रीना सिंह, राजू शर्मा, नौसिक जॉर्ज, ब्रदर डेनियल सिंह, मनोज, फ्रांसिस आदि ने भाग लिया।न्यू लाइफ चर्च, काकादेव में पादरी डायमंड यूसुफ ने कहा कि “यीशु मसीह के जन्म का उद्देश्य मानव को पापों से मुक्त करना था। पुराने नियम में इंसान को पापों से छुटकारा पाने के लिए जानवरों की कुर्बानी देनी पड़ती थी। इसलिए परमेश्वर ने यीशु को संसार में भेजा ताकि वह मानव जाति के पापों के लिए अपना शरीर बलिदान कर सके और हमारा उद्धार हो सके।”इस अवसर पर राहुल जैम्स, दिलीप कुमार, विनय कुमार, पादरी विमलेश गुप्ता, मोहित, पीटर सुमित मैसी और अंजना यूसुफ आदि उपस्थित रहे।
यीशु मसीह द्वारा क्रूस पर कही गई सात वाणियां...
“हे पिता, इन्हें क्षमा कर, क्योंकि ये नहीं जानते कि क्या करते हैं।”
“मैं तुझसे सच कहता हूँ, आज ही तू मेरे साथ स्वर्गलोक में होगा।”
“हे नारी, देख, यह तेरा पुत्र है।” (और “देख, यह तेरी माता है।”)
“हे मेरे परमेश्वर, तूने मुझे क्यों छोड़ दिया?”
“मैं प्यासा हूँ।”
“पूरा हुआ।”
“हे पिता, मैं अपनी आत्मा तेरे हाथों में सौंपता हूँ।”
