बदायूं : दबंगई करने वाले प्रधान पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बुधवार को अपने साथियों के साथ मिलकर पूर्व प्रधान के घर पर किया था हमला

ओरछी, अमृत विचार। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सिसरका में बुधवार देर शाम चुनावी रंजिश और वर्चस्व की जंग ने हिंसक रूप ले लिया। वर्तमान प्रधान पति ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पूर्व प्रधान नरेंद्र सिंह के घर पर धावा बोल दिया। घर में घुसकर सरिया और डंडों से जमकर उत्पात मचाया और मारपीट की। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दबंगई करने वाले प्रधान पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। 

पीड़ित पूर्व प्रधान नरेंद्र सिंह ने तहरीर देकर बताया कि वर्तमान प्रधान पति तनवीर उर्फ टिंकल, ललित पुत्र सुखबीर, आशीष पुत्र कल्लू और पंकज पुत्र मदनलाल ने अचानक उनके घर पर हमला कर दिया। वह लोहे की सरिया और डंडे लेकर आए थे। दबंगों ने घर के भीतर घुसकर परिजनों को पीटा और जमकर तोड़फोड़ की। सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों का चेहरा और उनकी करतूत साफ नजर आ रही है। जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हुई। ग्रामीणों के अनुसार हमलावरों में शामिल युवक शातिर किस्म का है। जिसपर दूसरे जिलों में भी कई रिपोर्ट दर्ज हैं। हमलावरों के खिलाफ पिछले कुछ समय से आधा दर्जन तहरीर पहुंची हैं लेकिन पुलिस की सुस्ती की वजह से उनके हौसले बुलंद हैं। राजनीतिक दबाव की वजह से मामला रफा दफा करा दिया जाता है। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस समय से अगर सख्त कार्रवाई करती तो बुधवार की घटना न होती। आरोपी फरार हैं। चर्चा है कि वह एक स्थानीय रसूखदार नेता की शरण में हैं, जिसके दबाव के चलते पुलिस गिरफ्तारी में हिचक रही है। फिलहाल गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने गुरुवार को तनवीर उर्फ टिंकल, ललित, आशीष और पंकज के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार