शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के साथ हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण : सैफ अब्बास
लखनऊ, अमृत विचार। शिया मरकजी चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास ने प्रयागराज में माघ मेला के दौरान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ हुई घटना की निंदा की।
उन्होंने कहा कि शंकराचार्य पूरे हिंदुस्तान के एक सम्मानित और प्रतिष्ठित धार्मिक व्यक्तित्व हैं। उनके साथ इस प्रकार का व्यवहार अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक गुरु के साथ ऐसा व्यवहार सामाजिक सौहार्द और आपसी सम्मान की परंपरा के विरुद्ध है। मौलाना सैफ अब्बास ने सरकार से मांग की है कि इस पूरे मामले की गंभीरता से समीक्षा की जाए और यदि जिला प्रशासन की ओर से कोई चूक या अनुचित कदम उठाया गया है, तो उस पर उचित कार्रवाई की जाए।
मौलाना सैफ अब्बास ने दोहराया कि भारत की पहचान सर्वधर्म सम्मान और आपसी भाईचारे से है और इसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
