टी20 इंटरनेशनल में सबसे महंगे 'पांच विकेट' का अनचाहा रिकॉर्ड... अर्शदीप सिंह के नाम हुआ दर्ज
नई दिल्लीः भारत और न्यूजीलैंड के बीच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया पांचवां और आखिरी टी20 मैच हाई-स्कोरिंग ड्रामा से भरपूर रहा। टीम इंडिया ने इस मुकाबले में 46 रनों से शानदार जीत हासिल की और पांच मैचों की सीरीज को 4-1 से अपने नाम कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 271 रन बनाए। इस धमाकेदार स्कोर की नींव ईशान किशन ने रखी, जिन्होंने अपनी पहली टी20 इंटरनेशनल शतकीय पारी खेली। किशन ने महज 43 गेंदों पर 103 रन ठोके, जिसमें 6 चौके और 10 छक्के शामिल थे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों पर 63 रन (4 चौके, 6 छक्के) की तेज पारी खेली, जबकि हार्दिक पांड्या ने 17 गेंदों पर 42 रन (1 चौका, 4 छक्के) बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 272 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.4 ओवर में 225 रन पर ऑलआउट हो गई। फिन एलन ने 38 गेंदों पर 80 रन की तूफानी पारी खेली (8 चौके, 6 छक्के), लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाए।
भारतीय गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने कमाल दिखाया और 4 ओवर में 51 रन देकर 5 विकेट चटकाए। यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर की पहली फाइफर थी, लेकिन साथ ही एक ऐसा रिकॉर्ड भी बना, जो कोई भी गेंदबाज नहीं चाहेगा। अर्शदीप अब टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन देकर 5 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के अल्जारी जोसेफ के नाम था, जिन्होंने 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 40 रन देकर 5 विकेट लिए थे। लिस्ट में तीसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के लुंगी एंगिडी (39 रन देकर 5 विकेट, 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ) हैं।
अर्शदीप ने शुरुआती दो ओवरों में 40 रन लुटाए, लेकिन बाद में शानदार कमबैक किया और महत्वपूर्ण विकेट चटकाकर मैच भारत की झोली में डाल दिया। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 2022 में डेब्यू के बाद से अब तक 76 टी20 इंटरनेशनल में 118 विकेट झटके हैं, जो भारत के लिए सबसे ज्यादा है।
यह मैच हाई-स्कोरिंग रहा, जहां कुल 496 रन बने और कई रिकॉर्ड टूटे, लेकिन अर्शदीप की फाइफर ने भारत की जीत को सुनिश्चित किया। अब टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटेगी।
