Commonwealth Games 2026: बिहार के झंडू कुमार ने कभी सब्जी बेच कर चलाया घर आज रचा इतिहास, भारत को दिलाया पहला पदक, कई खेलों में चमके भारतीय

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

स्कॉटलैंड में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पैरा पावरलिफ्टिंग में बिहार के झंडू कुमार ने कांस्य पदक जीतकर भारत का खाता खोला, जबकि मुक्केबाजी, लॉन बॉल्स और पैरा स्विमिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।

स्कॉटलैंड/डिजिटल डेस्कः कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारत के खिलाड़ियों ने कई खेलों में शानदार प्रदर्शन किया और देश का नाम रोशन किया। दिन की सबसे बड़ी उपलब्धि की अगर बात की जाए तो वह पैरा पावरलिफ्टिंग में बिहार के झंडू कुमार का कांस्य पदक जीत कर दिलाई। उन्होंने पुरुषों के हैवीवेट वर्ग में तीसरा स्थान हासिल किया और इसी के साथ ही भारत को प्रतियोगिता का पहला पदक दिलाया।

आपको बता दें कि यह झंडू कुमार के करियर का पहला अंतरराष्ट्रीय पदक भी है। किसान परिवार से आने वाले झंडू की यह सफलता वर्षों के संघर्ष और मेहनत का नतीजा है।

संघर्ष से सफलता तक का सफर

28 वर्षीय झंडू कुमार बिहार के एक किसान परिवार से हैं। उन्हें बचपन में पोलियो हो गया था। जिसके बाद उनकी तबियत खराब रहने लगी और फिर शुरू हुआ जीवन में चुनौतियों का दौर, आर्थिक तंगी और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने कई छोटे-मोटे काम किए। घर चलाने के लिए सब्जियां बेचीं और बाद में ई-रिक्शा भी चलाया।

इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने खेल के प्रति प्रेम को नहीं छोड़ा और अब कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए ऐतिहासिक पदक जीतकर प्रेरणादायक मिसाल पेश की है।

181 और 190 किलो की सफल लिफ्ट से जीता कांस्य

झंडू कुमार ने पुरुषों की हैवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में 181 किलोग्राम और 190 किलोग्राम की सफल लिफ्ट लगाई। उन्होंने कुल 130.9 अंक हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

हालांकि उनका 196 किलोग्राम का तीसरा प्रयास सफल नहीं हो सका। इस स्पर्धा में नाइजीरिया के इदरीस रिलुवान ने स्वर्ण और मैथ्यू हार्डिंग ने रजत पदक जीता। भारत के एक अन्य खिलाड़ी सुधीर 114.1 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहे।

अशोक मलिक पदक से चूके

पुरुषों की लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में भारत के अशोक मलिक पदक जीतने के काफी करीब थे, लेकिन मामूली अंतर से चूक गए। जिसकी वजह से उन्होंने 143.8 अंक हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त किया, जबकि परमजीत कुमार 135.6 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहे।

पैरा स्विमिंग में कार्तिक का शानदार प्रदर्शन

पैरा स्विमिंग में कार्तिक बुडिगिना ने पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल S13 स्पर्धा के फाइनल में 57.57 सेकंड का समय निकालकर चौथा स्थान हासिल किया। वह पदक से बेहद करीब रहे। इसी स्पर्धा में भारत के इमाम अली सातवें स्थान पर रहे।

वहीं, भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल में 25.29 सेकंड के समय के साथ सातवें स्थान पर रहे और फाइनल में जगह नहीं बना सके।

मुक्केबाजी में जदुमणि सिंह की विजयी शुरुआत

मुक्केबाजी में भारत के जदुमणि सिंह ने पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में जीत के साथ अपने अभियान का शानदार आगाज किया। इस जीत के साथ उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

लॉन बॉल्स में भी भारत का शानदार प्रदर्शन

लॉन बॉल्स में भारतीय खिलाड़ियों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।

  • महिला युगल मुकाबले में रूपा रानी तिर्की और पिंकी सिंह की जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
  • पुरुष एकल वर्ग में पुतुल सोनोवाल ने फॉकलैंड आइलैंड्स के सेसिल अलेक्जेंडर को हराकर अगले दौर में अपनी जगह पक्की की।

भारत के प्रदर्शन की प्रमुख बातें

  •  झंडू कुमार ने पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत का पहला पदक जीता।
  •  पुरुष हैवीवेट वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
  • जदुमणि सिंह प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
  • कार्तिक बुडिगिना चौथे स्थान पर रहे।
  • अशोक मलिक पदक से मामूली अंतर से चूके।
  • लॉन बॉल्स में महिला युगल और पुरुष एकल टीम ने अगले दौर में जगह बनाई।

यह भी पढ़ेंः भारत में मोटरस्पोर्ट को बड़ा बढ़ावा: FMSCI को मिला राष्ट्रीय खेल महासंघ का दर्जा, फॉर्मूला-1 वापसी की उम्मीदें तेज

संबंधित समाचार