नो-मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई को लेकर शिकायत: सपा ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, अधिकारियों की संख्या बढ़ाने की मांग

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में नो-मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई प्रक्रिया पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। सपा ने मांग की है कि मतदाताओं की सुविधा के लिए सुनवाई स्थल उनके निकटतम स्थानों पर बनाए जाएं और सुनवाई अधिकारियों (एईआरओ) की संख्या बढ़ाई जाए।

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने रविवार को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र की सांसद डिंपल यादव ने शिकायत की है कि मैनपुरी, करहल, भोगांव और किशनी विधानसभा क्षेत्रों में नो-मैपिंग मतदाताओं के लिए 10 से 15 किलोमीटर दूर सुनवाई स्थल बनाए गए हैं, जिससे मतदाताओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही एक बार में बड़ी संख्या में नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जबकि निस्तारण की गति बेहद धीमी है। 

सपा ने मांग की है कि एसआईआर प्रक्रिया के प्रथम चरण की तरह बीएलओ घर-घर जाकर नोटिस वितरित करें और दस्तावेज एकत्र करें, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम हो सके। इसके अलावा भोगांव विधानसभा क्षेत्र के मोहल्ला मिर्धा में 2003 की मतदाता सूची उपलब्ध न होने से 400 से अधिक मतदाताओं के नाम गायब होने का मुद्दा भी उठाया गया है। ज्ञापन सौंपने वालों में केके श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चंद्र सिंह और राधेश्याम सिंह शामिल रहे, सभी ने मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें :
गणतंत्र दिवस : यूपी के 72 पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति का सराहनीय सेवा पदक, IG अमित पाठक व आकाश कुलहरी से लेकर हेड कांस्टेबल तक शामिल

 

संबंधित समाचार