Bareilly: बारिश से मटर, सरसों और आलू किसानों की बढ़ी चिंता

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में हुई बारिश ने मटर, सरसों और आलू किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मटर की फसल में लगातार नमी बढ़ने और पानी जमा होने से रोग-कीट लगने की संभावना बढ़ गई है। आलू की फसल पर भी बारिश का असर दिख रहा है, क्योंकि अधिक पानी से आलू की उपज प्रभावित हो सकती है।

कुछ खेतों में फफूंदी का खतरा भी बढ़ गया है। सरसों की फसल की स्थिति मिली-जुली बनी हुई है। पहले से पक चुकी सरसों की फसल पर बारिश का कोई खास असर नहीं पड़ा है, लेकिन जिन खेतों में फूल अभी निकल रहे हैं, वहां नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। कुछ क्षेत्रों में सरसों देर से पक सकती है। किसान अपने खेतों की नियमित निगरानी कर आवश्यक कदम उठा रहे हैं, ताकि नुकसान कम से कम हो।

वहीं, गेहूं समेत अन्य फसलों के लिए यह बारिश लाभकारी साबित हो रही है। जिले में गेहूं और सरसों की खेती बड़े पैमाने पर होती है, जबकि मटर और आलू की खेती में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। उप कृषि निदेशक हिमांशु ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए अपने खेतों में फसल प्रबंधन करें और बारिश के कारण होने वाले नुकसान से बचाव के उपाय अपनाएं।जिले के किसान फिलहाल मौसम के रुख पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित किए हुए हैं, ताकि उनकी फसल सुरक्षित रहे और गेहूं सहित अन्य फसलें लाभकारी बनी रहें।

 

संबंधित समाचार