धार्मिक मामलों में सरकार का हस्तक्षेप गैरजरूरी : रामगोपाल यादव बोले- सनातन धर्म का कर रही अपमान

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मथुरा। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने शुक्रवार को कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार सनातन धर्म का अपमान कर रही है और धार्मिक मामलों में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रही है। प्रो. रामगोपल यादव यहां गोवर्धन स्थित हनुमानबाग आश्रम पहुंचे। 

यहां उन्होंने हनुमान जी के वार्षिक महोत्सव में भाग लिया, दर्शन-पूजन किया और संत सियाराम दास महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने अपनी धार्मिक आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि वह लंबे समय से हनुमान जी के भक्त रहे हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने संत सियाराम दास की सराहना करते हुए उन्हें सच्चा संत बताया। 

साथ ही, बिना नाम लिए कुछ धर्मगुरुओं पर तंज कसते हुए कहा कि आज के समय में दिखावा ज्यादा है, जबकि संतों में सादगी और सेवा भाव होना चाहिए। प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को स्नान से रोके जाने के सवाल पर रामगोपाल यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला। 

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सनातन धर्म का अपमान कर रही है और धार्मिक मामलों में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रही है। उन्होंने कहा कि आस्था और परंपराओं का सम्मान होना चाहिए। रामगोपाल यादव के इस बयान को राजनीतिक हलकों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।  

संबंधित समाचार