बसंतकुंज में बनेगी पांच मंजिला पार्किंग, LDA ने प्रेरणा स्थल के पास चिह्नित की 21,216 वर्गमीटर भूमि
शहर की सबसे बड़ी मल्टीलेवल पार्किंग, ऊपर बनेगा होटल
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास अपनी बसन्तकुंज योजना के सेक्टर-जे में शहर की सबसे बड़ी मल्टीलेवल पार्किंग बनाएगा। पांच मंजिला पार्किंग में एक साथ 370 बसें व 400 से अधिक चार पहिया वाहन खड़े किए जाएंगे। पार्किंग के ऊपर गेस्ट हाउस भी बनेगा। ये प्रोजेक्ट 150 करोड़ रुपये से तैयार होगा। एलडीए ने निर्माण के लिए 21,216 वर्गमीटर भूमि चिह्नित की है।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में बड़ी पार्किंग है। उद्घाटन के दौरान करीब 2500 बसे खड़ी की गईं थी। भविष्य में बड़े आयोजन को देखते हुए एलडीए ने पांच मंजिल मल्टीलेवल पार्किंग का प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें दो भूमिगत पार्किंग के साथ ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर व सेकेंड फ्लोर पर पार्किंग स्पेस बनाया जाएगा। जबकि सबसे ऊपर होटल बनेगा। कमरों के साथ ही वीआईपी लाउंज व मीटिंग हाॅल का भी प्रावधान किया है। पार्किंग में बसों का आवागमन सुगमता के लिए भव्य इंट्रेस व एक्जिट प्लाजा भी बनाया जाएगा। एलडीए ये प्रस्ताव तैयार कर लिया है और शासन को भेजेगा।
