Moradabad : खबर का असर...निलंबित खंड शिक्षाधिकारी का कब्जा हटा, खुले बंद कमरों के ताले

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कंपोजिट विद्यालय गंज गांधी पार्क के दो कमरों पर एक साल पहले पूर्व नगर शिक्षाधिकारी वंदना द्वारा ताला लगाया गया था। जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा था। उन पर बीएसए के आदेश का भी कोई असर नहीं पड़ रहा था। अमृत विचार की खबर के बाद कमेटी गठित कर कक्षों के ताला खोलने का निर्णय लिया गया। शुक्रवार को वर्तमान बीईओ नगर क्षेत्र की निगरानी में की मौजूदगी में स्कूल के उन दो कमरों का ताला तोड़कर कमरे खोले गए।

पूर्व नगर शिक्षाधिकारी वंदना सैनी (वर्तमान में निलंबित) के कमरे बंद करने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक राहुल शर्मा ने कमरा खोलकर शिक्षण कार्य में लेने के लिए मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को कई बार पत्र लिखा था। जिसके क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार ने 15 नवंबर 2025 को आदेश दिया था कि इनका उपयोग विद्यालय हित में किया जाए। लेकिन आदेश 2 महीने बीतने के बाद भी बेअसर रहा। 

वर्तमान खंड शिक्षाधिकारी वेगीश गोयल ने बीएसए के जारी आदेश के बाद भी पूर्व खंड शिक्षाधिकारी द्वारा चाभी न देने के चलते बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर बताया कि पूर्व खंड शिक्षाधिकारी ने चाभी उपलब्ध नहीं कराई। इस संबंध में अमृत विचार में 18 जनवरी के अंक में बीएसए का आदेश बेअसर, नहीं खुले कमरों के ताले शीर्षक से खबर प्रकाशित किया गया था। जिसके बाद इसे खोलने के लिए कमेटी गठित की गई। 

गठित कमेटी में शामिल आशीष कुमार, प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय भदौरा नगर क्षेत्र, आयशा नूर प्रभारी प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय मानपुर और व्योम गुप्ता कंपोजिट विद्यालय मझोला और शाहनवाज अली, विशेष आदि ने शुक्रवार को आदेश के क्रम में कंपोजिट विद्यालय गांधी पार्क के दो कमरों में बंद ताले की डुप्लीकेट चाभी बनवाकर ताला खोला। जिस पर छात्र-छात्राओं ने खुशी जताई। कमेटी के कार्य को नगर क्षेत्र के वर्तमान बीईओ ने अनुमोदित कर दिया। उन कमरों का चार्ज स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक राहुल शर्मा को कमेटी ने सौंप दिया।

 

संबंधित समाचार