Bareilly : आधार सत्यापन के बाद ही आज से रजिस्ट्री संभव...फर्जी गवाह और बेनामी संपत्तियों पर कसेगी नकेल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। संपत्तियों के बैनामे में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए अब रजिस्ट्री के दौरान आधार सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। एक फरवरी से जिले के सभी रजिस्ट्री कार्यालयों में यह नई व्यवस्था लागू होगी। इसके तहत खरीदार, विक्रेता और गवाहों का आधार नंबर मौके पर बायोमेट्रिक मशीन से सत्यापित किया जाएगा।

अभी तक जो व्यवस्था है, उसमें केवल आधार की फोटोकॉपी पर रजिस्ट्री होती थी, जिससे फर्जीवाड़े और बेनामी संपत्तियों की रजिस्ट्री की आशंका बनी रहती थी। नई प्रक्रिया में ऑनलाइन पोर्टल को यूआईडीएआई के केंद्रीय सर्वर से जोड़ा गया है। इसके तहत अब बैनामे की ऑनलाइन कॉपी तभी उपलब्ध होगी जब मोबाइल नंबर पर भेजी गई ओटीपी दर्ज की जाएगी। इससे जहां फर्जी आधार और गवाहों के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगेगी वहीं, रजिस्ट्री प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी। 

अधिकारियों के मुताबिक रजिस्ट्री प्रक्रिया आरडी (रजिस्टर्ड डिवाइस) और सुरक्षित बायोमेट्रिक स्कैनर के माध्यम से पूरी की जाएगी, जो आधार मानकों के अनुसार पहचान को प्रमाणित करेगा। सही पहचान मिलने पर ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, जबकि असत्यापन होने पर तुरंत पुलिस को सूचित किया जाएगा। इससे नागरिकों को संपत्ति लेन-देन में सुरक्षा और भरोसा मिलेगा। माना जा रहा है कि एक फरवरी से लागू होने वाली यह व्यवस्था न केवल फर्जीवाड़े को रोकने में कारगर साबित होगी, बल्कि संपत्ति खरीदने और बेचने की प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और आसान बनाएगी। ग्रामीण और शहरी दोनों स्तर पर लोग अब बिना झंझट के अपनी संपत्ति की रजिस्ट्री करवा सकेंगे।

 

संबंधित समाचार