Basti News: सऊदी अरब में फंसे बस्ती के 13 मजदूर, परिजनों ने सरकार से लगाई मदद की गुहार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बस्ती। उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के 13 मजदूर सऊदी अरब में फंसे होने की जानकारी सामने आई है। परिजनों के अनुसार वहां उन्हें वेतन नहीं मिल रहा है और खाने-पीने तक की समस्या उत्पन्न हो गई है। नगर थाना क्षेत्र के भटहा गांव निवासी रामजीत यादव ने बताया कि उनका पुत्र सत्यनारायण 27 दिसंबर 2024 को रोजगार के लिए सऊदी अरब गया था।

प्रारंभ में उसने दो-तीन बार 13-13 हजार रुपये घर भेजे, लेकिन बाद में पैसे भेजना बंद कर दिया और फोन पर आर्थिक तंगी की बात बताई। शनिवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में बस्ती जिले के सत्यनारायण, गोरखनाथ, फूल सिंह, रामप्रीत, रूपचन्द्र, गोकुल, गिरीश चन्द्र, जसवंत, जोगेन्द्र, करूणा, पंकज यादव, शुभम और विजय कुमार सहित कुल 13 मजदूरों के सऊदी अरब के अबहा शहर में फंसे होने का दावा किया गया है।

वीडियो में लगभग 161 भारतीय नागरिकों के वहां फंसे होने तथा वेतन न मिलने और पासपोर्ट व जरूरी कागजात जब्त किए जाने की बात कही गई है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। इस संबंध में पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है और जिन एजेंटों के माध्यम से मजदूर विदेश गए थे, उनकी तलाश की जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद परिजन और स्थानीय लोग सोशल मीडिया के माध्यम से भारत सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज