बाराबंकी : दहेज में नहीं बुलेट तो दिया तीन तलाक, विवाहिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
सफदरगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। निकाह के 15 महीने बाद ही दहेज की मांग ने इस कदर जोर पकड़ा कि विवाहिता को तीन तलाक बोल दिया गया। ससुराल में प्रताड़ित की जा रही विवाहिता ने ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सफदरगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर पट्टी गांव की रहने वाली नसरीन बानो का निकाह 31 अक्टूबर 2024 को कोठी थाना क्षेत्र के भानमऊ गांव निवासी मो. आलम से हुआ था।
पीड़िता के अनुसार शादी में दिए गए दहेज से पति व ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था और अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि पूर्व में मामले को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायती पत्र दिया गया था, जहां सुलह-समझौते के बाद 26 नवंबर 2025 को पति पीड़िता को अपने घर ले गया। कुछ दिन ठीक रखने के बाद फिर से दहेज को लेकर उत्पीड़न शुरू हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि 17 जनवरी की शाम पति मो. आलम सहित ससुराल के अन्य सदस्यों ने दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसे, थप्पड़ और डंडों से बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
आरोप है कि इसी दौरान ससुराल पक्ष ने जबरन तीन तलाक दे दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना मिलने पर पीड़िता के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन ससुराल वालों ने उसे साथ रखने से इंकार कर दिया।
