भाजपा विधायक के भतीजे ने फंदा लगाकर दी जान, परिजनों ने पार्टनर पर लगाया गंभीर आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
सुशांत गोल्फ सिटी रिशिता मैनहट्टन की घटना
लखनऊ, अमृत विचार: गोंडा के मेहनौन विधानसभा भाजपा विधायक विनय कुमार द्विवेदी के भतीजे शिवम त्रिपाठी (30) ने फंदा लगाकर जान दे दी। उनका शव फ्लैट में चादर के फंदे से पंखे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मूलत: बलरामपुर के सादुलनगर घोरीपुर बिरवा निवासी शिवम त्रिपाठी सुशांत गोल्फ सिटी के रिशिता मैनहट्टन अपार्टमेंट के टॉवर नंबरघ्-12 में किराये पर रहते थे। एक फरवरी की शाम मकान मालिक किसी काम से फ्लैट पर पहुंचे। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो सिक्योरिटी गार्ड की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर प्रवेश करने पर शिवम का शव फंदे से लटका हुआ मिला।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजन के मुताबिक शिवम प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़े थे और पैसों के विवाद के कारण लंबे समय से तनाव में थे। शिवम के परिवार में उनके पिता राजेश त्रिपाठी,मां और छोटा भाई प्रखर शामिल हैं। परिवार के कुछ सदस्य पहले राजनीतिक रूप से भी सक्रिय रह चुके हैं। परिवार ने स्पष्ट किया है कि वे जल्द ही सुशांत गोल्फ सिटी थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।
