देहरादून : यात्रियों को लेकर जा रही हिमाचल की बस खाईं में गिरी, 2 महिलाओं समेत 4 की मौत
देहरादून, अमृत विचार। देहरादून के कालसी क्षेत्र से एक बड़ी दुर्घटना सामने आ रही है। कुआनु मीनाक रोड पर यात्रियों से भरी बस 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस में कम से कम 36 यात्री सवार थे। हादसे के बाद राहत-बचाव अभियान जारी है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक 2 महिलाओं समेत 4 यात्रियों की मौत की सूचना है।
दुर्घटनाग्रस्त बस हिमाचल प्रदेश रोडवेज की बताई जा रही है। हादसे की खबर लगते ही डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से रेस्क्यू टीमें भेजी गई हैं, जो राहत-बचाव में जुटी हैं। एसडीआरएफ टीम के अलाव स्थानीय पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे हैं। दुर्घटना की खबर लगते ही पीड़ितों के परिजन भी घटनास्थल और संबंधित अस्पतालों में पहुंचकर परिजनों का हाल जानने निकले हैं।

राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना मीनाक रोड पर कुआनू में हुई जहां बस अचानक अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गयी। उसने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ तथा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची तथा बचाव एवं राहत अभियान चलाया गया।
एसडीआरएफ ने बताया कि तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गयी जिनमें दो महिलाएं और 2 पुरुष शामिल है। हादसे में छह-सात अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है । हादसे का शिकार हुई बस हिमाचल रोडवेज की थी और उसमें 36 यात्री सवार थे। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चला है।
हादसे में इनकी हुई मौत:-
1- यासमीन बेगम पत्नी नेक मौहम्मद निवासी - ग्राम- क्यारला, नेरवा, हिमाचल प्रदेश, उम्र- 46 वर्ष
2- रिचा पत्नी वीरेन्द्र निवासी: ग्राम- बिजमल, तह०- नेरवा, शिमला, हिमाचल प्रदेश, उम्र- 30 वर्ष
3- धन बहादुर पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम- क्यारला, नेरवा, हिमाचल प्रदेश
4- दिनेश कुमार पुत्र मोहन सिंह निवासी: ग्रा0- पोपाट, शिमला, हिमाचल प्रदेश उम्र 54 वर्ष
