Bareilly: सोना-चांदी के दामों में गिरावट से बाजार में हलचल, शादी और त्योहारों की खरीदारी तेज

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। सहालग के सीजन में सोना और चांदी की कीमतों में अचानक और बेतहाशा वृद्धि ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी थी। चांदी का भाव चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया था, वहीं सोने का दाम दो लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक जा पहुंचा था। इन बढ़ते भावों ने शादी-विवाह और त्योहारों के मौसम में गहनों की खरीदारी को प्रभावित किया। हालांकि, चार दिनों में कीमतों में गिरावट ने ग्राहकों को राहत दी, जिससे ग्राहकों को बड़ी राहत मिली हैं।

बरेली महानगर ज्वैलर्स एंड बुलियन एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल मिनटू ने बताया कि जिले में चार दिन पहले चांदी का भाव चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम पार कर गया था, जो अब घटकर 2.85 लाख रुपये रह गया है। वहीं सोने की कीमत भी प्रति 10 ग्राम 1.91 लाख रुपये से घटकर एक लाख 60 हजार रुपये हो गई है। सर्राफा संजीव औतार अग्रवाल ने कहा कि दामों में अचानक कमी आने के बाद शुरू में बाजार में हलचल थोड़ी कम रही, लेकिन लगातार कीमतों में गिरावट और त्योहारों के आने से खरीदारी की गति बढ़ गई है।

 शादी और अन्य पारिवारिक अवसरों के लिए ग्राहक सोने और चांदी के गहनों की खरीदारी में सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को सोने के दाम में थोड़ी बढ़ोतरी हुई, लेकिन इसका बाजार पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। इससे जिले की महिलाएं और परिवार अब गहनों की खरीदारी कर राहत महसूस कर रहे हैं। वहीं, यह बदलाव सर्राफा व्यापारियों के लिए भी फायदेमंद साबित हो रहा है, क्योंकि मांग बढ़ने से उनके कारोबार में रौनक लौट आई है।

ग्राहक बोले-गहनों की खरीदारी में बजट की हुई बचत
रामकुमार ज्वैलर्स के यहां खरीदारी करने पहुंची राजेंद्र नगर की देवयंती ने बताया कि बहन की शादी 15 फरवरी को है। पिछले कुछ दिनों में सोने-चांदी के दाम इतने बढ़ गए थे कि गहनों की खरीदारी को लेकर काफी तनाव था। चार दिन पहले सोने का दाम दो लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था। अब कीमतें घटकर 1.60 लाख रुपये हो गई हैं। इससे बड़ी राहत हुई है।

ग्रीन पार्क की गीता बहन की बेटी के लिए सोने के गहने खरीदने आई थीं। उन्होंने बताया कि पिछले हफ्ते दाम इतने बढ़ गए थे कि पांच-सात हजार रुपये ज्यादा खर्च होने वाले थे। अब कीमतें कम होने के बाद गहने खरीद लिए। इससे मुझे आर्थिक राहत मिली है। मुझे खुशी है कि बाजार में लगातार गिरावट आई है और खरीदारी का माहौल बेहतर हो गया है।

संबंधित समाचार