जौनपुर में दर्दनाक हादसा : गैस पाइपलाइन में हुए लीकेज को ठीक करने गहरे गड्ढे में उतरे दो मजदूरों की मिट्टी गिरने से मौत
जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात गैस की पाइपलाइन में हुए लीकेज को ठीक करने करीब 25 फीट गहरे गड्ढे में उतरे दो मजदूरों की मिट्टी गिरने से मौत हो गयी जबकि एक अन्य बाल बाल बच गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि क्षेत्र के देवकली बाजार स्थित चौकिया शिवालय के निकट पीएनजी पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे में बीती देर रात बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी प्रिंस कुमार (22) और निरंजन कुमार महतो (35) लिकेज ठीक करने उतरे थे, इस दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी भरभराकर गिर पड़ी और दोनों मजदूर नीचे दब गए, जबकि उनका साथी शशि रंजन (25) बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि गड्ढा काफी गहरा था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
जिलाधिकारी डॉक्टर दिनेश चंद्र ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दो लोगों की मौत की जानकारी मिली है। मृतक के परिवार को हर तरह की मदद के साथ ही मामले की जांच कराई जाएगी, रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।
एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया गया। दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मिट्टी ढहने के कारण हादसा होना प्रतीत हो रहा है।
