UP: UGC के सवाल पर प्रेसवार्ता में छिड़ी किसान नेता और भाजपा नेत्री में बहस

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पीलीभीत, अमृत विचार। यूजीसी को लेकर इस्तीफा देने के बाद चर्चा में आए बरेली के निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने मंगलवार को पीलीभीत पहुंचकर केंद्रीय राज्यमंत्री एवं पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद को लेकर टिप्पणी की थी। इसके दूसरे दिन बुधवार को क्रांतिकारी विचार मंच के प्रांतीय संरक्षक ने प्रेसवार्ता आयोजित की। मगर, इस प्रेसवार्ता में प्रांतीय संरक्षक और भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष के बीच यूजीसी को लेकर बहस छिड़ गई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फिलहाल केंद्रीय राज्यमंत्री पर की गई टिप्पणी को लेकर क्रांतिकारी विचार मंच ने माफी मांगने की मांग की है।

बता दें कि  यूजीसी को लेकर इस्तीफा देने वाले बरेली के निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री मंगलवार को पीलीभीत आए थे। इस दौरान पीलीभीत और बीसलपुर में सवर्ण समाज के लोगों के साथ बैठक की थी। केंद्रीय राज्यमंत्री पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद को लेकर भी टिप्पणी की थी। दूसरे दिन बुधवार को मां यशवंतरी  देवी मंदिर परिसर में  क्रांतिकारी विचार मंच के प्रांतीय संरक्षक देव स्वरूप पटेल ने प्रेसवार्ता आयोजित की। जिसमें केंद्रीय राज्यमंत्री एवं पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद को सर्व समाज का नेता बताया और टिप्पणी को लेकर माफी मांगने की मांग की गई। 

इस प्रेसवार्ता में भाजपा कीमहिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गीता मिश्रा भी मौजूद थी। जिनसे देवस्वरुप पटेल की यूजीसी को लेकर बहस हो गई। इसका वीडियो भी वायरल हो गया।  देवस्वरुप पटेल ने कहा कि वह सरकार के साथ हैं। इस पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ने साफ कहा कि अगर सरकार कुछ गलत करेगी तो वह उसका विरोध करेंगी। हालांकि ये भी कहा कि केंद्रीय राज्यमंत्री को गलत कहने का उन्होंने उसी दौरान विरोध कर दिया था। मगर, इसका मतलब ये नहीं कि यूजीसी सही हो गया और एससीएसटी एक्ट सही  है। 

इसी दौरान मौजूद अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा ने कहा कि वह यूजीसी के विरोध में हैं, लेकिन केंद्रीय राज्यमंत्री के लिए जो कहा उसकी निंदा करते हैं। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि बाद में किसान नेता देवस्वरुप पटेल ने कहा कि वह यूजीसी को लेकर बोलने नहीं आए हैं। वह तो केंद्रीय राज्यमंत्री को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में हैं।  इसमें मांग की गई कि 24 घंटे में केंद्रीय मंत्री एवं पीलीभीत सांसद को लेकर की गई टिप्पणी पर क्षमा याचना की जाए। वरना क्रांतिकारी विचार मंच इस पर कार्रवाई कराएगा।

संबंधित समाचार