Moradabad: दीवान शुगर मिल में मशीन की बेल्ट में फंसकर कामगार की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइन कोतवाली के अगवानपुर स्थित दीवान शुगर मिल में मंगलवार देर रात एक कर्मचारी की काम करने के दौरान मशीन की चेन बेल्ट में फंसकर मौके पर ही मौत हो गई। कर्मचारी के परिवार वालों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। पत्नी ने परिजनों के साथ एडीएम सिटी से मुलाकात की।

भाई के अनुसार मंगलवार की रात 12 बजे अरविंद बेल्ट की चेन के पास कार्य कर रहा था तभी मशीन में फंस गया। उस समय एक साथी ने मशीन बंद करने के लिए कहा, लेकिन कुछ अन्य स्टाफ ने समय पर मशीन का संचालन नहीं रोका जिससे अरविंद की जान चली गई। परिवार वालों का आरोप है कि हादसे के करीब छह घंटे बाद उन्हें सूचना दी गई। जिसके बाद वह पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को बुलाया गया। 

मौके पर क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस, एसपी सिटी सहित तीन थानों की फोर्स और फॉरेंसिक टीम पहुंची और साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने मिल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि मिल परिसर में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन प्रबंधन दबाव बनाकर समझौता कर लेता है। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। प्रबंधक ने सीधे कुछ कहने से इनकार कर दिया लेकिन व्यवस्थाओं में कमी स्वीकार कर इसमें सुधार कराने का आश्वासन दिया है।

सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि अरविंद के परिजनों और मिल प्रबंधन के बीच समझौता हो गया है। मुआवजे के रूप में 13 लाख की धनराशि तय हुई। जिसमें एक लाख नकद और 12 लाख रुपये का चेक परिजनों को दिया गया। इसके बाद मृतक के परिजनों ने कार्रवाई न करने की बात लिख कर दी है। 

संबंधित समाचार