अंतिम चरण में ग्रीन कॉरिडोर का कार्य रक्षामंत्री राजनाथ सिंह दिखायेगें हरी झंडी, IIM रोड से 10 मिनट में पहुंचेंगे समतामूलक 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का ग्रीन कॉरीडोर फेज 1 और 2 आईआईएम रोड से समतामूलक चौक तक तैयार हो गया है। दोनों फेज को जोड़ने वाले निशातगंज में रोटरी का कार्य अंतिम चरण पर है। एलडीए की इसी माह रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के हाथों ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण कराने की तैयारी में है। रक्षामंत्री 21 व 22 को राजधानी में रहेंगे। इन्हीं तारीखों में ग्रीन कॉरिडोर को हरी झंडी दिखाने की संभावना है।

एलडीए को चार चरण में आईआईएम रोड से किसान पथ तक 28 किमी ग्रीन कॉरिडोर बनाना है। इसमें फेज-1 आईआईएम रोड से डालीगंज तक नया रूट संचालित हो चुका है। फेज-2 में डालीगंज से निशातगंज होते हुए समतामूलक चौराहे तक नया रूट तैयार किया गया है। इसके बीच निशातगंज में रोटरी की फिनिशिंग और रंग-रोगन का काम अंतिम चरण पर है।

लोकार्पण के दौरान फेज-2 चालू होने से आईआईएम रोड से डालीगंज, निशातगंज होते हुए समतामूलक चौक तक 10 मिनट में वाहनों से आनाजाना होगा। इससे जाम से निजात मिलेगी और समय बचेगा। अभी अन्य रूट से आने जाने में काफी समय लगता है जबकि पीकऑवर और जाम लगने पर एक घंटा से अधिक समय लगता है। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लगभग कार्य पूर्ण हो गया है। इस माह लोकार्पण कराने का प्लान है। नया रूट चालू होने से लाेगों को राहत मिलेगी।

तीसरे चरण का टेंडर जारी, पिपराघाट पर शुरू हुआ काम

ग्रीन कॉरिडोर के तीसरे एवं चौथे चरण में समतामूलक चौक से किसान पथ तक बंधा रोड, फ्लाईओवर, ब्रिज व शहीद पथ पर इकाना स्टेडियम के पास फ्लाईओवर बनेगा। तीसरे चरण का टेंडर जारी होने से पिपराघाट से शहीद पथ के बीच समतलीकरण शुरू हो गया है। बारिश से पहले लैंड फिलिंग का कार्य पूरा किया जाएगा।

इस पांच किमी लंबे स्ट्रेच में कॉरिडोर बनने से कैंट से अयोध्या रोड व कानपुर रोड की ओर जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। तीसरे चरण में पिपराघाट रेलवे क्रासिंग पर आरओबी, दिलकुशा रोड का चौड़ीकरण, पिपराघाट से आर्मी लैंड के नाले तक 2.8 किमी लंबा 4-लेन का बंधा और आर्मी लैंड नाले से शहीद पथ के मध्य 2.5 किमी लंबा स्ट्रेच बंधा बनाया जाएगा।

ये भी पढ़ें : 
छत्तीसगढ़ के अधिकारी लखनऊ से सीखेंगे कूड़ा प्रबंधन, वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का भ्रमण और लेंगें प्रशिक्षण 

 

संबंधित समाचार