हल्द्वानी: टी-20 लीग का झांसा, आयोजकों ने फेंकी ठगी की स्पिन बॉल!

Amrit Vichar Network
Published By Pawan Singh Kunwar
On

संवाददाता, हल्द्वानी

अमृत विचार: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट लीग के नाम पर बड़ा धोखाधड़ी मामला सामने आया है। ईवीसीएल नाम से प्रस्तावित टी-20 क्रिकेट लीग के आयोजक विकास ढाका पर लाखों रुपये की ठगी के आरोप लगे हैं। पुलिस ने गुरुवार सुबह उन्हें शहर के एक प्रतिष्ठित होटल से चेक-आउट कर जाते समय हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि इस लीग के नाम पर कई लोगों से टीम फ्रेंचाइज़ी दिलाने का झांसा देकर मोटी रकम वसूली गई। सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल ने आरोप लगाया है कि उनसे “उत्तराखंड सोल्जर” टीम दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये लिए गए। आयोजक ने टीम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान के खेलने का दावा भी किया था। इसी तरह हरियाणा निवासी हेमंत शर्मा, जो यूपी वारियर्स टीम के ओनर बताए जा रहे हैं, ने भी 23 लाख रुपये ठगे जाने की शिकायत की है। उनका कहना है कि फ्रेंचाइज़ी फीस लेने के बावजूद कोई वैध एग्रीमेंट नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि लीग के नाम पर देश के पाँच शहरों में खिलाड़ियों के ट्रायल कराए गए और खिलाड़ियों की बोली लगाकर उनसे भी रकम ली गई।गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में करीब दस साल बाद टी-20 लीग आयोजित होने का प्रचार किया गया था। शहर भर में होर्डिंग-बैनर लगाए गए, पिच तैयार की गई और मैच की तिथियाँ घोषित की गईं। पहले जनवरी में आयोजन प्रस्तावित था, फिर इसे 3 फरवरी और बाद में 5 फरवरी तक टाल दिया गया। टिकट बिक्री भी शुरू कर दी गई थी, लेकिन मैच नहीं हो सके। आयोजकों ने पहले कंपनी पार्टनर की मौत का हवाला देकर लीग स्थगित की, फिर नई तारीखें घोषित कीं। मीडिया के सवालों पर 15 दिन बाद आयोजन कराने का दावा किया गया। इसी बीच आयोजक के शहर छोड़कर जाने की कोशिश के दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूर्व विधायक नारायण पाल सहित अन्य पीड़ितों ने एसएसपी मंजूनाथ टीसी से मिलकर लिखित शिकायत सौंपी है। एसएसपी ने कहा कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आयोजक के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

संबंधित समाचार