दिवगंत अजीत पवार की अस्थियों का हरिद्वार में विसर्जन, NCP नेता धीरज शर्मा ने पूरी की धार्मिक अनुष्ठान
हरिद्वार। दिवंगत राष्ट्रवादी नेता अजित पवार की अस्थियों का गुरुवार को धर्मनगरी हरिद्वार में पवित्र गंगा तट पर विधि-विधान से विसर्जन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा विशेष रूप से हरिद्वार पहुँचे और वीआईपी घाट पर धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अस्थि विसर्जन संपन्न कराया।
गंगा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पवार की अस्थियों को प्रवाहित किया गया। अस्थि विसर्जन की पूरी प्रक्रिया उनके पारिवारिक पुरोहित अभिषेक झा द्वारा संपन्न कराई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
अस्थि विसर्जन के पश्चात राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस की ओर से राष्ट्रव्यापी अस्थि कलश यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। श्री शर्मा ने बताया कि यह यात्रा हरिद्वार से प्रारंभ होकर देश की प्रमुख पवित्र नदियों तक जाएगी, ताकि श्री पवार की विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं और समर्थकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर मिल सके।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा उत्तर प्रदेश की काशी, मध्य प्रदेश की नर्मदा, गुजरात की साबरमती, जम्मू-कश्मीर की चेनाब नदी तक पहुँचेगी। इसके बाद यात्रा दक्षिण भारत के रामेश्वरम और कन्याकुमारी तक जाएगी, जहाँ विभिन्न पवित्र नदियों में अस्थि विसर्जन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें :
RSS के 100 साल पर बनी फिल्म 'शतक' को मिला अजय देवगन का समर्थन, टीज़र के बाद से मिला पॉजिटिव रेस्पॉन्स
