भारत-US ट्रेड डील पर आया बड़ा अपडेट, जल्द जारी हो सकता है जॉइंट स्टेटमेंट
दिल्ली। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत और अमेरिका के द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण पर संयुक्त बयान को चार से पांच दिन में अंतिम रूप देने और उस पर हस्ताक्षर करने की संभावना है। संयुक्त बयान पर हस्ताक्षर होने के बाद अमेरिका, भारत पर शुल्क घटाकर 18 प्रतिशत करने का कार्यकारी आदेश जारी करेगा।
भारतीय वस्तुओं पर वर्तमान में 25 प्रतिशत का जवाबी शुल्क और रूसी कच्चे तेल की खरीद को लेकर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क लगता है। गोयल ने पत्रकारों को बताया कि समझौते के पहले चरण के लिए कानूनी समझौते पर मार्च के मध्य तक हस्ताक्षर हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त बयान के बाद एक विस्तृत कानूनी समझौता किया जाएगा। गोयल ने साथ ही बताया कि इस समझौते में किसी भी प्रकार के निवेश की प्रतिबद्धता नहीं है।
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि एक बार बयान पर हस्ताक्षर हो जाने के बाद, यह एक कानूनी समझौते में तब्दील हो जाएगा और मार्च के मध्य तक, ''हमें उस कानूनी समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।'' कानूनी दस्तावेज पर हस्ताक्षर होने के बाद भारत कुछ अमेरिकी वस्तुओं पर शुल्क में कटौती करेगा।
