Bareilly: रुविवि में ''वतन को जानो '' में दिखेगी कश्मीरी झलक

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में भारत सरकार के ''मेरा युवा भारत'' अभियान के तहत छह दिवसीय ''''वतन को जानो'''' कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार को होगी। आयोजन में गृह मंत्रालय और खेल मंत्रालय के सहयोग से कश्मीर के छह जिलों अनंतनाग, पुलवामा, कुपवाड़ा, बारामुला, बडगाम और श्रीनगर से आए 132 युवा हिस्सा लेंगे। ये 18 से 25 वर्ष के युवा छह दिनों तक बरेली की मेहमाननवाजी का आनंद लेंगे और भारतीय संस्कृति की विविधता को करीब से जानेंगे।

जिला युवा अधिकारी कार्यालय ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को विश्वविद्यालय में आयोजित कॉन्फ्रेंस में भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की उप निदेशक पुष्पा सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का हर दिन खास होगा। सुबह की शुरुआत योग, स्वच्छता और श्रमदान से होगी, जबकि शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम रहेगी। 

7 फरवरी को हस्तशिल्प, ई-कॉमर्स और ''''विकसित भारत 2047'''' जैसे गंभीर विषयों पर डॉ. बीनू सिंह, डॉ. पंकज शर्मा और डॉ. छवि शर्मा जैसे विशेषज्ञ सत्र लेंगे। 9 फरवरी को शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा, जब कश्मीर घाटी के उत्पादों की प्रदर्शनी और लजीज कश्मीरी व्यंजनों का ''''फूड फेस्टिवल'''' आयोजित किया जाएगा। 8 और 10 फरवरी को कश्मीरी दल जिले के प्रमुख शैक्षणिक और औद्योगिक संस्थानों का दौरा करेगा। 

युवा यूनिवर्सिटी कैंपस का भ्रमण करेंगे और खेल गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। 11 फरवरी को समापन समारोह होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य कश्मीर के युवाओं के मन से भ्रांतियों को दूर कर उन्हें राष्ट्रीय एकता, संविधान और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। प्रो. राकेश कुमार मौर्य, डॉ. सुमित श्रीवास्तव, डॉ. ज्योति पांडेय, डॉ. छवि शर्मा, अजय राज शर्मा, भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार