किसानों की हुई बल्ले-बल्ले... IT सिटी के लिए जुटाई गई 2100 एकड़ भूमि, 20 फरवरी को लांच होगी योजना
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 288 से 35 वर्गमीटर के भूखंडों की होगी लॉटरी
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण ने सुल्तानपुर रोड स्थित आईटी सिटी योजना 20 फरवरी को लांच करने की तैयारी तेज कर दी है। सबसे पहले इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में लैंड पूलिंग नीति के तहत निशुल्क जमीन देने वाले किसानाें को सेक्टर-15, 16, 17 एवं 18 में 288 से 35 वर्गमीटर के भूखंड लॉटरी से आवंटित किए जाएंगे। प्राधिकरण ने अब तक करीब 1500 किसानों से 2,100 एकड़ जमीन जुटा ली है।
आईटी सिटी 3,490 एकड़ क्षेत्रफल की योजना है। इसमें मोहनलालगंज तहसील के ग्राम बक्कास, सोनई कंजेहरा, सिकन्दरपुर अमोलिया, सिद्धपुरा, परेहटा, पहाड़नगर टिकरिया, रकीबाबाद, मोहारी खुर्द, मोहारी कला, खुजौली और भटवारा की जमीन चिह्नित है। प्राधिकरण बोर्ड के निर्णय के अनुसार लैंड पूलिंग, भूमि अर्जन, आपसी सहमति से क्रय के आधार पर भूमि जुटाव का कार्य किया जा रहा है। इस क्रम में 27 जनवरी तक जिन भू-स्वामियों के लैंड पूलिंग के एग्रीमेंट निष्पादित हुए हैं। उनके मध्य 20 फरवरी को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में लॉटरी ड्रा करके योजना लांच की जाएगी। इसके बाद आम लोगों के लिए ऑनलाइन पंजीयन खोला जाएगा। भूखंड की कीमत लगभग 4 हजार रुपये प्रति वर्गफिट प्रस्तावित है। इसी तरह वेलनेस सिटी लांच करके भूखंड आवंटित किए जाएंगे।
