प्रयागराज में विवाहिता की हत्या, बोरे में भरकर कुएं में फेंका शव, गांव में हड़कंप
प्रयागराज। प्रयागराज में फूलपुर थाना क्षेत्र के बलिकरनपुर गांव में एक विवाहिता की हत्या कर शव को बोरे में भरकर सुनसान कुएं में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 35 वर्षीय सीमा सरोज के रूप में हुई है, जो 22 जनवरी से लापता थी। गुरुवार देर रात कुएं से उठी दुर्गंध के बाद घटना का खुलासा हुआ, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार गांव के बाहर स्थित एक बंद पड़े ट्यूबवेल के पास ग्रामीण लकड़ियां लेने पहुंचे थे। लकड़ियां कुएं में गिरी देख उन्होंने बाहर निकालना शुरू किया तो भीतर एक सफेद बोरी तैरती दिखी, जिससे तेज बदबू आ रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बोरी को बाहर निकाला।
बोरे में ईंटें भरी गई थीं और शव को छिपाने के लिए ऊपर लकड़ियां रखी गई थीं। बोरी खोलने पर महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान सीमा सरोज के रूप में हुई। सीमा की शादी करीब 17 वर्ष पहले अनिल गौतम से हुई थी। उसके चार बच्चे हैं।
पुलिस उपायुक्त विवेक यादव ने मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी की। थाना प्रभारी प्रवीण गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है और जल्द खुलासा करने का दावा किया है।
