मथुरा में BJP नेता के आवास पर गोलीबारी: मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ के बाद पकड़ें गए बदमाश
मथुरा। मथुरा जिले के नंदगांव क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेता के आवास पर पिछले महीने हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए ये दोनों आरोपी इस मामले में नामजद आठ लोगों में शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि 13 मार्च देर रात बरसाना क्षेत्र के भाजपा नेता दानबिहारी उर्फ 'दानो' के घर पर कुछ बदमाशों ने उस समय अंधाधुंध गोलीबारी की, जब वह अपने भतीजे और अन्य लोगों के साथ बाहर बैठे थे।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि दानबिहारी के भतीजे कुलदीप की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत के मुताबिक, 13 मार्च को कुलदीप सड़क किनारे स्थित अपने ढाबे पर मौजूद थे, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और परिसर में शराब पीने लगे। मना करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के बाद उसी रात आरोपियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर नेता के घर पर हमला किया और आगजनी की कोशिश कर परिवार को डराने का प्रयास किया। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। उसने बताया कि बृहस्पतिवार रात सूचना मिली कि मामले में शामिल दो युवक जितेंद्र उर्फ 'जीतू' और राजबीर मोटरसाइकिल से भरना खुर्द माइनर क्षेत्र से गुजर रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन कामई गांव से जुड़ी नहर के पास संदिग्धों ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में जीतू के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे गिरता देख राजबीर ने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। जीतू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, दो देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
