बाराबंकी : भए प्रगट कृपाला दीन दयाला... श्रद्धा के साथ मना प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। चैत्र रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार को पूरे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। मंदिरों में पूजा-अर्चना, हवन, कन्या पूजन और भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा और प्रभु श्रीराम से सुख-समृद्धि की कामना की।

दोपहर 12 बजे भए प्रकट कृपाला दीनदयाला कौशल्या हितकारी... के जयघोष के साथ प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया। दशहरा मंदिर में पंडित प्रमोद पाठक ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई। लाजपत नगर स्थित सनातन धर्म सभा के श्री रामजानकी मंदिर में अखंड रामचरितमानस पाठ का समापन हुआ, जिसके बाद भंडारा आयोजित किया गया।

6

वहीं विश्राम सदन धर्मशाला में पुरोहित राजेश मिश्रा ने पूजा-अर्चना कराई और भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। भंडारे में अनिल अग्रवाल, कुशल अग्रवाल, विनोद गाबा, गुरुद्वारा प्रधान सदर भूपेंद्र सिंह, जसवीर सिंह विक्की, राकेश उत्पल, राजेश अरोड़ा बब्बू, अंकित केसरवानी, अखिल जायसवाल उर्फ सोनू, मनीष पंडित व राजेश गुप्ता बब्बी सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।

वहीं शहर के बड़ी देवी माता मंदिर, छोटी देवी मंदिर, कैलाश आश्रम स्थित माताजी मंदिर, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, दूधेश्वर महादेव मंदिर और श्री राम जानकी मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी देवी माता मंदिर में पंडित चंद्रमानाथ मिश्रा ने विधि-विधान से हवन-पूजन कराया।

नवमी के अवसर पर कन्या पूजन भी श्रद्धा के साथ किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने कन्याओं को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान निधि तिवारी, संतोष तिवारी और गणेश प्रसाद जायसवाल सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे दिन भजन-कीर्तन, जागरण और धार्मिक आयोजनों से शहर गूंजता रहा।

संबंधित समाचार