UP State Masters Badminton: एसके श्रीवास्तव एकल और अनिल-शैलेंद्र युगल सेमीफाइनल में, मिश्रित युगल में बड़ा उलटफेर

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप में लखनऊ के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। पुरुष एकल 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में लखनऊ के एसके श्रीवास्तव ने शानदार खेल दिखाते हुए अंतिम चार में प्रवेश किया। वहीं पुरुष युगल 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में अनिल कुमार सिंह और शैलेंद्र पावाह की लखनऊ जोड़ी भी सेमीफाइनल में पहुंच गई। मिश्रित युगल 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जॉन वेस्ले और प्रियंका पाण्डेय (प्रयागराज, लखनऊ) की जोड़ी ने दूसरी वरीयता प्राप्त विनय कुमार और रूमा को हराकर बड़ा उलटफेर करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

यह चैंपियनशिप उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के देखरेख में लखनऊ बैडमिंटन संघ के पूर्व सचिव और बैडमिंटन खिलाड़ी स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के मुकाबले गोमती नगर स्थित विपिन खंड की बीबीडी यूपी बैडमिंटन एकेडमी में खेले जा रहे हैं। पहले दिन खेले गए अन्य मुकाबलों में महिला एकल 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के क्वार्टर फाइनल में गाजियाबाद की अनुराधा शर्मा ने लखनऊ की पूनम सिंह को 21-10, 21-3 से पराजित किया। पुरुष एकल 55 वर्ष से अधिक के क्वार्टर फाइनल में दूसरी वरीय पवन गुप्ता (कानपुर) ने अरुण कुमार (मेरठ) को कड़े मुकाबले में 21-18, 18-21, 21-14 से हराया। वहीं लखनऊ के एसके श्रीवास्तव और वाराणसी के राजीव कुमार सिंह को वॉकओवर मिला। पुरुष युगल 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के क्वार्टर फाइनल में मेरठ के सोमेश जैन और सुनील राणा ने दूसरी वरीय राजीव सिंह और राणा राघवेंद्र कुमार सिंह को 21-18, 21-11 से पराजित किया। इसके अलावा अनिल कुमार सिंह और शैलेंद्र पावाह की लखनऊ जोड़ी ने वॉकओवर के सहारे जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह पक्की की।

संबंधित समाचार