अब चाइनीज मांझे की धार से रिटायर्ड सैन्यकर्मी की चेहरा कटा... राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल, 2017 से प्रतिबंधित है ये मांझा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

गोमतीनगर विस्तार के शहीद पथ स्थित इकाना हॉस्पिटल के पास हुआ हादसा

लखनऊ, अमृत विचार: हैदरगंज ओवरब्रिज पर एमआर मोहम्मद शोएब की चाइनीज मांझे से मौत और गुरुवार को सीएम योगी द्वारा चाइनीज मांझा बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई आदेश के महज चंद घंटे बाद गुरुवार को एक और घटना हुई। गोमतीनगर विस्तार में शहीद पथ किनारे स्थित इकाना हॉस्पिटल के पास चाइनीज मांझे की धार से बाइक सवार रिटायर्ड सैन्यकर्मी बृजेश राय का चेहरा कट गया। दर्द से वे असंतुलित हुए और खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। आनन-फानन में घायल को इकाना हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देख कमांड अस्पताल भेज दिया गया। करीब 24 टांके लगाने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

अर्जुनगंज साईंदाता रोड पर स्थित सरजू नगर काॅलोनी निवासी बृजेश राय कुछ वर्ष पूर्व सेना से रिटायर्ड हुए थे। परिवार के भरण पोषण के लिए वे कैंसर अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे थे। परिवार में पत्नी व दो बच्चे हैं। गुरुवार दोपहर बृजेश घर के कुछ काम से मोटरसाइकिल से गोमतीनगर जा रहे थे। इस बीच शहीद पथ किनारे इकाना हॉस्पिटल के पास एकाएक मांझे की धार चेहरे को रेत कर फंस गयी।

जबतक वे गाड़ी रोकते, खिंचाव से उनके दाहिनी ओर का चेहरा बुरी तरह कट गया। बाइक लेकर वे सड़क पर गिर गए। बृजेश को सड़क पर गिरता देख राहगीर मदद के लिए दौड़े। देखा तो होठ और गाल बुरी तरह से कटा था और खून की धार बह रही थी। राहगीरों ने मुंह पर रूमाल लपेटने के साथ ही आनन-फानन में उन्हें इकाना हॉस्पिटल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने घायल के परिवारवालों को सूचना दी।

बृजेश की हालत देख परिजन के पैरों तले जमीन खिसक गयी। परिजन उन्हें कैंट स्थित सेना के कमांड अस्पताल ले गए। वहां उन्हें टांके लगाए गए। शाम को रोंगटे खड़े कर देने वाली यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल गई। इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें भी जानकारी मिली है। घायल या उनके घरवालों ने अभी तक कोई भी सूचना थाने या डॉयल-112 पर नहीं दी है। घायल के घरवालों से संपर्क किया जा रहा है। वह जो भी तहरीर देंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर ने बताया कि यह पता किया जा रहा है कि आसपास कौन पतंग उड़ा रहा था?

इन बातों का रखें ध्यान

- बच्चों को बाइक पर आगे न बैठाएं।
- दोपहिया वाहन चलाते समय हेल्मेट का आगे का कवर नीचे रखें।
- हो सके तो गले पर कोई मफलर या रुमाल जरूर बांधे।
- अगर कहीं पतंग की डोर दिखे तो बाइक रोक लें।

2017 से प्रतिबंधित है चाइनीज मांझा

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने चाइनीज मांझे के निर्माण व इस्तेमाल पर 11 जुलाई 2017 को ही प्रतिबंध लगा दिया था। साथ ही आदेश में कहा था कि चाइनीज मांझे की बिक्री व उसका प्रयोग कानूनन अपराध है। इससे आसमान में पक्षियों और जमीन पर लोगों की जान का खतरा है। प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से इसकी बिक्री और इस्तेमाल जारी है।

चोरी छिपे बिकता है चाइनीज मांझा

सूत्रों की माने तो अकबरी गेट, वजीरबाग, बाजारखाला, हुसैनगंज और बाबूगंज समेत कई इलाकों में चाइनीज मांझे की बिक्री चोरी-छिपे हो रही है। नायलॉन के धागे पर कांच की कोटिंग के बाद यह मांझा तैयार होता है। इसे काटने के लिए कैंची का इस्तेमाल करना पड़ता है। जबकि सामान्य मांझा आसानी से टूट जाता है। सामान्य मांझा चाइनीज मांझे से महंगा भी होता है।

पहले भी हुए हैं चाइनीज मांझे से हादसे

- 04 फरवरी 2026- बाजारखाला के हैदरगंज ओवरब्रिज पर चाइनीज मांझे से एमआर मोहम्मद शोएब की मौत।

- 08 अक्टूबर 2025: बिल्लौचपुरा ओवरब्रिज पर चाइनीज मांझे से व्यापारी नेता आसिम मार्शल घायल।
- 04 अप्रैल: विधानभवन के सामने चाइनीज मांझे से सिपाही आरती कुमारी घायल।

- 23 फरवरी: बीबीडी में मांझे से शुभम घायल।
- 02 अक्टूबर 2024: पकरी पुल पर मांझे से दरोगा आसिफ अली घायल।

- 25 अगस्त: नाका फ्लाईओवर पर मांझा फंसने से सैफ हुआ घायल।
- 28 जुलाई: विधानभवन के पास लांड्री संचालक दिलीप कनौजिया की मांझे से कटी गर्दन।

- 16 जून: चौक में चीनी मांझे से गर्दन कटने से सुधाकर की मौत।
- 14 नवंबर 2023: अलीगंज में अभिषेक मांझे से घायल।

- जून 2023: खुर्रमनगर में कार की सनरूफ पर खड़े रियान सिंह (08) और गौरी (11) मांझे से घायल।
- 15 मई: पिता संग जा रही मर्सिया हुसैन मांझे की चपेट में आई।

संबंधित समाचार