Barabanki Crime News: हत्थे चढ़ा अवसानेश्वर मंदिर का 2 चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान भी बरामद 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। हैदरगढ़ स्थित अवसानेश्वर महादेव मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक शातिर चोर व स्वर्णकार को दबोचा है। इनके कब्जे से चोरी कर स्वर्णकार से गलवाए गए छत्र व अरघा की चांदी भी बरामद हुई है। दो अन्य मंदिरों में चोरियां भी इसी चोर ने अंजाम दी है। दावा है कि इस एकमात्र चोर ने रेकी कर सारी प्लानिंग की थी।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने शुक्रवार को बताया कि स्वाट, सर्विलांस व थाना हैदरगढ़ की संयुक्त पुलिस टीम ने वीरेन्द्र कुमार पुत्र रामशंकर निवासी ग्राम कछवा थाना सुबेहा व जय विश्वकर्मा पुत्र कृष्णानन्द विश्वकर्मा मदारपुर तिराहा थाना कोठी हाल पता देवीगंज भिटरिया रोड थाना असन्द्रा को गिरफ्तार किया।

इनके कब्जे व निशांदेही से चोरी कर गलाये गये छत्र की चांदी 579 ग्राम व अरघा की चांदी 4.19 किलोग्राम, 7 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त कटर, प्लास बरामद किया गया। पूछताछ से पता चला कि अभियुक्त वीरेन्द्र कुमार शातिर किस्म का चोर है तथा मंदिरों की रेकी करने बाद चिन्हित मंदिर में रात में चोरी की घटना को अंजाम देता है। 

वीरेन्द्र मंदिर से चोरी किये गए चांदी आदि कीमती सामान को देवीगंज स्थित ज्वैलर्स की दुकान पर जय विश्वकर्मा पुत्र कृष्णानन्द को सस्ते दाम पर बेंच देता है। इसके द्वारा 3 फरवरी की रात थाना हैदरगढ़ क्षेत्रान्तर्गत अवसानेश्वर मंदिर का ताला तोड़कर मन्दिर के अन्दर से चांदी का छत्तर व अरघे पर मढ़ा हुआ चांदी का पत्तर चोरी किया गया था। चार फरवरी की रात थाना असन्द्रा के ग्राम जरौली स्थित हनुमान मंदिर से 2 चांदी के मुकुट तथा 30 जनवरी की रात थाना रामसनेहीघाट स्थित रामसनेही बाबा मंदिर से इनवर्टर, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, एलईडी टीवी व सीसीटीवी कैमरा चोरी किया गया था। यह सभी आर्थिक एवं भौतिक लाभ के लिए यह काम करते हैं। 

गूगल की मदद से करते बड़े मंदिरों की खोज

अवसानेश्वर महादेव मंदिर में बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला वीरेन्द्र कुमार ज्यादा पढ़ा लिखा तो नहीं है लेकिन उसे गूगल का इस्तेमाल करना आता है। इसी इंजन के सहारे वह बड़े मंदिरों की खोज करता था, इसके बाद उस मंदिर की रेकी कर चोरी करने के लिए सही समय तय करता था। रेकी इस बात की भी कि मंदिर के अंदर सोने या चांदी के कितने अाभूषण हैं। वर्ष 2016 में लखनऊ के गाजीपुर इलाके में चोरी से वीरेन्द्र का अपराध क्षेत्र में आगमन हुआ, इसके बाद उस पर अलग अलग धाराओं में आठ मामले दर्ज हैं। हालिया चोरी के बाद उसने चांदी परिचित के स्वर्णकार जय विश्वकर्मा को दे दी थी, जिसने उसे गला डाला। 

नए आभूषणों को मिलेगी नई भव्यता  

मंदिर से चोरी किए गए चांदी के छत्र व अरघा को स्वर्णकार ने गला डाला। पुलिस के हाथ आभूषण की जगह गली हुई चांदी लगी है। जाहिर है कि कोर्ट के आदेश के बाद गली हुई चांदी ही मंदिर प्रबंधन के हाथ लगेगी लेकिन मंदिर प्रशासन ने भी कमर कस ली है। गली चांदी कोर्ट के आदेश के बाद मंदिर को मिलते ही उसकी मात्रा बढ़ाते हुए और भव्य अरघा तैयार करवाया जाएगा। इसके लिए श्रद्धालु बेहद आतुर हैं। मंदिर समिति अध्यक्ष संजय गिरि ने पुलिस टीम को बधाई देते हुए बताया कि एक श्रद्धालु द्वारा छत्र दिया जा चुका है। अब अरघे को और भव्य रूप दिया जाएगा।

प्रधान प्रतिनिधि से मारपीट, राइफल तानी

कोतवाली सतरिख क्षेत्र के ग्राम मनेरा में सरकारी विकास कार्य के दौरान दबंगई दिखाते हुए प्रधान प्रतिनिधि से मारपीट करने के साथ ही उन पर लाइसेंसी राइफल तान दी। कार्य न होने देने की धमकी भी दी गई है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नीरज कुमार के अनुसार, बुधवार सुबह लवह ग्राम निधि से कराए जा रहे इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण के लिए गांव में लालजी के घर के सामने नाप करवा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही अमर सिंह उर्फ अम्बर, विजय व सचिन सहित अन्य लोग एकराय होकर मौके पर पहुंचे और कार्य रोकने लगे।

आरोप है कि विपक्षियों ने गालियां देते हुए प्रधान प्रतिनिधि के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उनका एक दांत टूट गया। इसी दौरान अमर सिंह उर्फ अम्बर ने अपनी लाइसेंसी राइफल प्रधान प्रतिनिधि पर तान दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जान का खतरा देख प्रधान प्रतिनिधि किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचा सके। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने खुलेआम धमकी दी कि वे गांव में सरकारी इंटरलॉकिंग नहीं लगने देंगे और दोबारा दिखने पर उन्हें व उनके परिवार को जान से मार देंगे। आरोपियों को दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए पीड़ित ने किसी भी समय अप्रिय घटना की आशंका जताई है।

जमीन दिलाने के नाम पर 13.50 लाख की ठगी

कंपनी बनाकर बाराबंकी में प्लाट दिलाने का झांसा देकर लखनऊ के दो व्यक्तियों से 13 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए गए। मामले की शिकायत एडीजी तक की गई, पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी डेवलपर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। भागीरथ यादव निवासी सेक्टर-क्यू अलीगंज लखनऊ एवं रामनिहाल सिंह निवासी डालीगंज निराला नगर लखनऊ ने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 में सीतापुर जनपद के सरीफपुर कष्मण्डा निवासी अतुल कुमार वर्मा ने एब्लेज स्टार डेवलपर्स नामक कंपनी बनाकर नवाबगंज तहसील के ग्राम खसपरिया में प्लाट दिलाने का झांसा दिया। इसके लिए ज्ञानेश कुमार मिश्रा के माध्यम से प्लाट देने का आश्वासन दिया गया। 

आरोप है कि आरोपी ने अलग-अलग तिथियों में चेक व नकद के माध्यम से लखनऊ व बाराबंकी में कुल 13 लाख 50 हजार रुपये प्राप्त कर लिए, लेकिन न तो आज तक प्लाट दिया गया और न ही धनराशि वापस की गई। पीड़ितों के अनुसार, चेक के माध्यम से 9.20 लाख रुपये और नकद रसीदों के जरिए 4.30 लाख रुपये दिए गए। बताया कि जब लगातार जमीन देने का दबाव बनाया गया तो आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। मोबाइल पर दोबारा फोन न करने की चेतावनी भी दी गई, जिससे पीड़ित मानसिक तनाव में हैं और उनका स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है।

ये भी पढ़ें : 
China-India Trade : चीन से भारत के आयात में गिरावट, राज्यसभा में बोले केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद 

 

संबंधित समाचार