मुरादाबाद : कुंदरकी व मूंढापांडे की प्रगति खराब, डीएम ने जताई नाराजगी

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

गंभीर अति कुपोषित श्रेणी के चिन्हित बच्चों को एनआरसी में कराएं पोषण प्रबंधन

मुरादाबाद, अमृत विचार। डीएम अनुज सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक में आईसीडीएस विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित गतिविधियों व कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने गंभीर अति कुपोषित श्रेणी के चिन्हित बच्चों का एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) में पोषण प्रबंधन कराने को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

उन्होंने सभी मुख्य सेविकाओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देश दिया कि गंभीर अतिकुपोषित श्रेणी के बच्चों को चिन्हित कर उनके अभिभावकों को पोषण पुनर्वास केंद्र के माध्यम से प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में प्रोत्साहित कर बच्चों को भर्ती कराएं। शासन के निर्धारित पैरामीटर के अनुरूप कुंदरकी और मूंढापांडे की प्रगति खराब होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। बाल विकास परियोजना अधिकारी को गंभीरता बरतने का निर्देश दिया। कहा कि राज्य के औसत प्रतिशत से कम प्रगति नहीं होनी चाहिए।

डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया कि पोषाहार वितरण के साथ ही नियमानुसार तीन महीने में एक बार फोर्टीफाइड चावल का वितरण भी अनिवार्य रूप से हो, इसकी नियमित मॉनिटरिंग जरूरी है। आंगनबाड़ी केंद्रों के अनुरक्षण के लिए मिली धनराशि का भी सदुपयोग किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशुतोष राय के अलावा डिप्टी सीएमओ प्रवीण श्रीवास्तव व विभाग की सीडीपीओ और मुख्य सेविकाएं मौजूद रही।

संबंधित समाचार