Ayodhya News: ई-रिक्शा यूनियन का आमरण अनशन जारी, अध्यक्ष ने त्यागा अन्न जल
मिलने लगा जन समर्थन, कई व्यापारी नेता व साधु संत पहुंचे अनशन स्थल
अयोध्या, अमृत विचार। रामपथ पर लता चौक से टेढ़ी बाजार तक ई- रिक्शा वाहनों के संचालन पर लगाए गए प्रतिबंध के विरोध में कृष्णानंद फाउंडेशन ई-रिक्शा यूनियन व श्री अयोध्या ई-रिक्शा कल्याण समिति द्वारा किया जा रहा आमरण अनशन तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। यूनियन के अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी ने अन्न जल का त्याग कर दिया। वहीं, इस अनशन को अब जन समर्थन भी मिलने लगा है, शनिवार को कई साधु संत व व्यापारी नेताओं ने अनशन स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया। अभी तक प्रशासन का कोई अधिकारी अनशन स्थल तक नहीं पहुंचा है।
यूनियन का स्पष्ट कहना है कि यह अनशन ई-रिक्शा चालकों के मान-सम्मान और उनके स्वाभिमान की रक्षा के लिए है। बैनर पर लगे नारों के माध्यम से चालकों ने अपनी नाराजगी व्यक्त की। कृष्णानंद फाउंडेशन ई रिक्शा समिति के अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी का कहना है कि प्रशासन बीच का कोई रास्ता निकलने को तैयार नहीं है। कहा कि जब तक कोई विकल्प नहीं निकलता तब तक यह अनशन जारी रहेगा। अयोध्या निवासी बृजेश नाथ त्रिपाठी, रमेश पटवा, अतुल पांडे, ऋषभ गुप्ता समेत कुछ साधु संतों ने शनिवार को अनशन स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया।
