आजमगढ़ : सपा कार्यकर्ता ने विधायक पर लगाए रुपये लेकर लाइट लगाने के आरोप
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की मेहनगर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के एक कार्यकर्ता ने अपनी ही पार्टी की विधायक पर रुपये लेकर लाइट लगाने का आरोप लगाया है। कार्यकर्ता ने गांव में लगी लाइट को हटाकर दूसरे स्थान पर लगाए जाने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
आरोप सपा कार्यकर्ता राजेश यादव और रोमियो यादव ने लगाए हैं। उनका कहना है कि मौलानीपुर गांव की लाइट काटकर उसे खेत और एक पार्लर के सामने लगाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 हजार रुपये लेकर लाइट बेची गई। साथ ही पूर्व विधायक बृजलाल सोनकर पर भी इसी तरह के आरोप लगाए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि ऐसे लोगों का टिकट काटा जाना चाहिए और वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी शिकायत करेंगे। वहीं सपा विधायक पूजा सरोज ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है और यदि ऐसी कोई शिकायत है तो संबंधित कार्यकर्ता को बुलाकर बात की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर पार्टी के भीतर और आमजन में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
