एसआईआर : जिले में कटे एक लाख से अधिक नाम

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

जारी होगी अंतिम मतदाता सूची, 1.78 लाख से अधिक नये मतदाता जोड़े गए

मुरादाबाद, अमृत विचार। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसमें करीब एक लाख से अधिक नाम कटे हैं, जबकि 1.78 लाख से अधिक नये मतदाता भी बने हैं। इसमें जनवरी में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के अलावा कई ऐसे भी हैं जिनके नाम किसी कारण से विलोपित हो गए थे। कई ने फार्म भरकर पते में भी संशोधन कराया है।

विधानसभा चुनाव के लिए कराए गए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कई बार अंतिम तिथि को केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने बढ़ाया। कई महीने तक चली लंबी प्रक्रिया में करीब पौने दो लाख अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद उन्होंने अपने दावे के समर्थन में दस्तावेज भी प्रस्तुत किया। वहीं एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले अर्ह युवाओं के नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म 6 भरे गए। आनलाइन व आफलाइन प्रक्रिया से भी आवेदन प्राप्त हुए। इसका परीक्षण बीएलओ के माध्यम से कराने के बाद सूची को अंतिम रूप दिया गया। कई ऐसे भी मतदाता थे जो किन्हीं वजह से एक जगह से दूसरे जगह स्थानांतरित हो गए थे या कोई मृत हो गया था तो उसका नाम परिमार्जित किया गया। इसके बाद फाइनल सूची तैयार कर ली गई।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन-उप जिला निर्वाचन अधिकारी संगीता गौतम ने बताया कि शुक्रवार को 12:30 बजे अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। पुनरीक्षण प्रकिया पूरी तरह से पारदर्शी है। बीएलओ के माध्यम से अपने बूथ पर मतदाता भी सूची को देख सकते हैं।

संबंधित समाचार