काशी विश्वनाथ को मिला देशव्यापी प्रेम: महाशिवरात्रि पर 18 मंदिरों से आया पूजन-श्रृंगार का विशेष उपहार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

वाराणसीः महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की पहल पर इस वर्ष देशभर के प्रमुख मंदिरों की सहभागिता देखने को मिल रही है। विभिन्न राज्यों के कुल 18 मंदिरों से बाबा विश्वनाथ के लिए श्रद्धा स्वरूप श्रृंगार एवं पूजन सामग्री भेजी गई है। मंदिर न्यास के कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने सोमवार को बताया कि मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थली से भगवान श्री काशी विश्वनाथ महादेव के लिए महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में उपहार सामग्री प्रेषित की गई है। इसके अतिरिक्त श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, जम्मू से भी उपहार सामग्री प्राप्त हुई है। 

उन्होंने बताया कि तमिलनाडु के कई प्रतिष्ठित मंदिरों से भी सहभागिता के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें चिदंबरम मंदिर, मदुरई मीनाक्षी अम्मन मंदिर, द्रौपदी अम्मन मंदिर, थिरुकंडेश्वरम मंदिर, सबनायांगर मंदिर, पेरिया नयागी अम्मन मंदिर, संगारी काली अम्मन मंदिर, वेदा अघोरपुरेश्वर मंदिर तथा कुमारगुरु परमेश्वर मंदिर प्रमुख हैं। इसके अलावा मुंबई के श्री सिद्धिविनायक मंदिर से भी उपहार प्रेषित करने का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। 

इस प्रकार महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से कुल 18 मंदिरों की ओर से भगवान श्री विश्वनाथ के लिए श्रद्धा सामग्री भेजी जा रही है। मंदिर न्यास ने सभी सहभागी मंदिरों के प्रबंधन, पुजारियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। न्यास ने यह भी कहा है कि भविष्य में संबंधित मंदिरों के प्रमुख पर्वों के अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर से भी श्रद्धा स्वरूप उपहार प्रेषित किए जाएंगे। न्यास के अनुसार इस प्रकार की पहल सनातन परंपरा के अंतर्गत विभिन्न तीर्थों के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक समन्वय को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रयास है।

संबंधित समाचार