यूपी में एआई दक्ष बनेंगे 15 हजार से अधिक शिक्षक-छात्र, राज्य सरकार की साधना सप्ताह का अंतिम दिन आज

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र एआई के क्षेत्र में दक्ष बनाए जाएंगे। राज्य सरकार की ओर से साधना सप्ताह एआई दक्ष योजना संचालित की जा रही है, जिसमें शिक्षकों पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके तहत आईजीओटी मिशन कर्मयोगी साधना सप्ताह 2 अप्रैल से 9 अप्रैल तक आयोजित किया गया है। इसके अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा में कार्यरत सभी मानव संपदा कोड युक्त अधिकारी, शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कोर्स पूर्ण करने के निर्देश जेडी लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने जारी किए हैं।

साधना सप्ताह की दैनिक प्रगति की निगरानी के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया है, जिसकी अगुवाई मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंडल स्तर की टीम सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों और मिशन कर्मयोगी पोर्टल के लिए नामित जिला नोडल अधिकारियों (एमडीओ) से समन्वय स्थापित कर रही है।

अब तक हुआ 15429 पंजीकरण

लखनऊ मंडल के माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थियों को एआई की उपयोगिता में दक्ष बनाने के लिए बड़े पैमाने पर पंजीकरण हुआ है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 9 अप्रैल तक बढ़ाई गई है। अब तक लखनऊ से 5108, सीतापुर से 3448, लखीमपुर खीरी से 2621, उन्नाव से 1710, रायबरेली से 1627 और हरदोई से 915 नामांकन दर्ज किए जा चुके हैं।

 ये भी पढ़ें : 
योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला: कानपुर देहात में बसाए जाएंगे 99 हिंदू बंगाली परिवार

संबंधित समाचार