UP: पत्नी के साथ करना चाहता था डांस, नहीं मिला साथ तो फंदे पर झूला पति
ओरछी, अमृत विचार। साले के लग्न समारोह में डीजे पर पत्नी ने डांस करने से मना कर दिया। पति-पत्नी में कहासुनी हो गई। पति ने जंगल में जाकर पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। खुशी का माहौल दुख में बदल गया। परिजनों में चीत्कार मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव बरवारा निवासी अनिल (30) पुत्र वीरम सिंह की फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सैंडोला में ससुराल थी। रविवार को उनके साले सोनू का लग्न समारोह था। वह परिवार के साथ समारोह में शामिल होने आए थे। रविवार देर रात ससुराल में लग्न की रस्में चल रही थीं। कुछ लोग दावत खा रहे थे।
डीजे पर गाने चल रहे थे और परिवार के लोग डांस कर रहे थे। परिवार में जश्न का माहौल था। इसी दौरान अनिल ने अपनी पत्नी प्रियंका उर्फ नन्हीं से डीजे पर डांस करने को कहा लेकिन प्रियंका ने मना कर दिया।
इसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी होने लगी। अनिल नाराज होकर घर से जंगल की ओर चले गए लेकिन काफी समय किसी ने उनके बारे में ध्यान नहीं दिया। अनिल ने गांव के पास एक पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह काफी समय तक वापस घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश की। शव पेड़ पर लटका मिला तो कोहराम मच गया।
चीख पुकार मच गई। अनिल की मौत पर उनका एक बेटा और एक बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। फैजगंज बेहटा के थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि युवक की मौत हुई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया घरेलू विवाद व गुस्से में उठाया गया कदम लग रहा है। आगे की जांच की जा रही है।
