लखीमपुर खीरी : जिले में दो युवकों की गोली लगने से मौत
एक पर हत्या का आरोप, दूसरे ने उठाया आत्मघाती कदम
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जिले में सोमवार को गोली लगने से दो युवकों की मौत से हड़कंप मच गया। एक मामला संदिग्ध हालात का है, जिसमें परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे मामले में घरेलू कलह के चलते युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई है।
पहला मामला मितौली थाना क्षेत्र के लल्हौआ गांव का है। यहां पुल के पास किराने का सामान लेने घर से निकले मनीष कुमार का शव गोली लगने की हालत में बरामद हुआ। घटनास्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर उसकी बाइक खड़ी मिली, जबकि शव के एक हाथ में तमंचा भी पाया गया। गर्दन पर गोली लगने का निशान है। दूसरा मामला भीरा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रिया तुला का है। यहां घरेलू कलह से नाराज़ बताए जा रहे अमित खन्ना उर्फ मनी (28) पुत्र सुखदेव राज खन्ना ने खुद को गोली मार ली। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन जिला अस्पताल ओयल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की गर्दन से नीचे सटाकर लगी गोली व सिर में चोट से उठे सवाल
मितौली। थाना क्षेत्र के लल्हौआ मितौली मार्ग पर बड़ी नहर पुल के पश्चिम किराना व्यापारी 35 वर्षीय मनीष कुमार की संदिग्ध अवस्था में गोली लगने से मौत हो गई। युवक के गर्दन से नीचे सटाकर गोली लगी है। पीछे सर में भी चोट के निशान है। मृतक युवक किराने का समाना लेने मितौली जा रहा था। घटना स्थल से बाइक करीब 50 मीटर दूर मिली है। हाथ में अवैध तमंचा भी मिला है। परिजनों के अनुसार, सोमवार को थाना क्षेत्र के मितौली से ललहौआ जाने वाले मार्ग पर बड़ी नहर पुल से पश्चिम मनीष कुमार सुबह करीब 10 बजे किराने का सामान लेने के लिए मितौली के लिए निकला था। रास्ते में खून से लथपथ उसका शव मिला। करीब 50 मीटर दूर बाइक पर टंगे झोले में युवक का मोबाइल व गमछा मिला। घटना स्थल पर सीओ यादवेंद्र, थाना प्रभारी महेश पाठक मुआयना किया। मृतक के पिता वेदनाथ ने पुलिस को दी तहरीर में अज्ञात लोगों पर पुत्र की हत्या करने का आरोप लगाया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मनीष की किसी से रंजिश या अन्य कारणों का पता लगाया जा सके।
उलझी गुत्थी
मितौली। घटनास्थल पर साक्ष्यों ने पुलिस को उलझा दिया है। मनीष का शव सड़क किनारे पड़ा था, जबकि उसकी बाइक वहां से करीब 50 मीटर की दूरी पर मिली। मृतक के हाथ में अवैध तमंचा भी पाया गया है।
प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हत्या या आत्महत्या व अन्य सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल की जा रही। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच पड़ताल के बाद ही सब कुछ स्पष्ट हो पायेगा। -यादवेंद्र यादव, सीओ।
व्यापारी के बेटे ने लाइसेंसी रायफल से गोली मारकर की आत्महत्या
बिजुआ। थाना भीरा क्षेत्र के पड़रिया तुला कस्बे में सरिया सीमेंट व्यापारी सुखदेव राज खन्ना के छोटे बेटे अमित खन्ना उर्फ मनी (27) ने सोमवार की सुबह लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली। फायर की आवाज सुनकर परिजन जब कमरे में गए तो देखा अमित खून से लथपथ कमरे में पड़ा था। उसके सीने में गोली लगी थी। आनन फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि अमित की अगले महीने शादी है। सुबह इसी पर चर्चा के दौरान वह नाराज हो गया था, जिसके कारण आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंचे भीरा एसओ रोहित दूबे मौके पर पहुंचे और राइफल को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की।
मृतक अमित की अगले महीने शादी होनी थी। वह अभी शादी नहीं करना चाहता था, जिससे नाराज होकर उसने अपने पिता की लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। राइफल को कब्जे में लेते हुए घटना की जांच की जा रही है। -रोहित दूबे, एसओ भीरा।
