यूपी के युवाओं में स्टार्टअप का क्रेज: 10 हजार से अधिक उद्यमियों ने रचा इतिहास, लखनऊ और आजमगढ़ जिलों ने मारी बाजी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की 'सीएम युवा' पहल से युवाओं में इनोवेटिव व्यवसायों के प्रति रुचि तेजी से बढ़ रही है। प्रदेश में अब तक 10 हजार से अधिक इनोवेटिव उद्यम स्थापित हो चुके हैं, जिससे न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं, बल्कि युवा स्वयं भी रोजगार देने वाले बन रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, योजना के तहत स्थापित कुल उद्यमों में वर्तमान में लगभग 10 प्रतिशत इनोवेटिव मॉडल पर आधारित हैं। 

सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 तक इस हिस्सेदारी को बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इससे प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। सेक्टरवार आंकड़ों में फूड एवं रेस्टोरेंट व्यवसाय युवाओं की पहली पसंद बनकर उभरा है, जहां सर्वाधिक 763 इकाइयां स्थापित हुई हैं। 

इसके अलावा कंप्यूटर ट्रेनिंग (370), पैथोलॉजी सैंपलिंग (260), फास्ट फूड (253), फ्रेंचाइजी आधारित मॉडल (253) और ऑनलाइन टीचिंग (189) जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं की भागीदारी बढ़ी है। जिम, मोबाइल आईटी एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म, ट्रैवल एंड टूरिज्म तथा क्लाउड किचन जैसे उभरते क्षेत्रों में भी स्टार्टअप तेजी से स्थापित हो रहे हैं। लखनऊ 287 उद्यमों के साथ शीर्ष पर है। 

इसके बाद आजमगढ़ (286), हरदोई (262), जौनपुर, अंबेडकर नगर (241), कानपुर (236), वाराणसी (229), रायबरेली (225), बरेली (208) और फिरोजाबाद (197) जैसे जिले प्रमुख रूप से उभरे हैं। स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत बनाने में बैंकों की भूमिका भी अहम रही है। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने सर्वाधिक 2133 उद्यमों को ऋण उपलब्ध कराया है। 

ये भी पढ़ें : 
सीतापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पांच बदमाश गिरफ्तार, लखनऊ से किडनैप व्यक्ति को कराया आजाद 

संबंधित समाचार