लखनऊ में तेजी से खुल रहे रोजगार के नए दरवाजे... प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना में क्षेत्र ने मारी बाजी, मार्च 2026 में पहला DBT भुगतान

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: भारत सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत लखनऊ क्षेत्र में रोजगार सृजन, रोजगार क्षमता में वृद्धि में प्रगति देखने को मिल रही है। योजना के तहत डीबीटी का प्रथम चरण मार्च-26 में किया जाएगा। इसको लेकर क्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त और प्रभारी अश्विनी कुमार गुप्ता ने बताया कि लखनऊ क्षेत्र के 6,728 पात्र नियोक्ताओं में से अब तक 4,062 नियोक्ताओं ने योजना के अंतर्गत पंजीकरण पूरा कर लिया है। इनके माध्यम से 29,548 नए कर्मचारियों और 69,223 पुनः रोजगार में आए कर्मचारियों का पंजीकरण किया जा चुका है।

मालूम हो कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की घोषणा केंद्रीय बजट 2024-25 में की गई थी। इस योजना का उद्देश्य देश में रोजगार सृजन को बढ़ावा देना, कार्यबल की रोजगार क्षमता में वृद्धि करना के साथ सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना है। प्रभारी ने आगे बताया कि योजना के लिए कुल एक लाख करोड़ का बजट निर्धारित किया गया है, जिसमें से 99,446 करोड़ रुपए के माध्यम से अगले दो वर्षों में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 1.92 करोड़ लाभार्थी पहली बार कार्यबल में प्रवेश करने वाले होंगे। यह योजना एक अगस्त-25 से 31 जुलाई-27 के बीच सृजित रोजगार पर लागू होगी, जिसके अंतर्गत कर्मचारियों और नियोक्ताओं दोनों को वित्तीय प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा। भुगतान प्रक्रिया पूरी तरह डीबीटी आधारित, पारदर्शी और समयबद्ध होगी।

हालांकि, योजना के क्रियान्वयन के दौरान कुछ चुनौतियां भी सामने आई हैं। अभी भी लगभग 2,600 पात्र नियोक्ताओं ने पंजीकरण नहीं कराया है। इसके अलावा, पंजीकृत सदस्यों में से करीब 800 सदस्यों के बैंक खाते डीबीटी सक्षम नहीं हैं, जबकि लगभग 400 सदस्यों के यूएएन, फैट के माध्यम से प्रमाणित नहीं हो सके हैं। साथ ही, अगस्त-24 से कुछ नियोक्ताओं की ओर से नियमित रूप से ईसीआर दाखिल नहीं किया जा रहा, जिससे उनकी तथा उनके कर्मचारियों की पात्रता प्रभावित हो सकती है। इन समस्याओं के समाधान के लिए क्षेत्रीय कार्यालय में एक हेल्प डेस्क सक्रिय कर दी गई है। प्रवर्तन अधिकारियों और सहायक स्टाफ की टीम की ओर से नियोक्ताओं से लगातार संपर्क किया जा रहा है, जिससे सभी हितधारकों को डीबीटी के प्रथम चरण मार्च-26 में योजना का लाभ मिल सके।

 

संबंधित समाचार