Barabanki News: हादसों में वृद्ध महिला समेत तीन की मौत, एक गंभीर
सफदरगंज/हैदरगढ़, बाराबंकी, अमृत विचारः दो बाइकों की आपस में हुई टक्कर में वृद्ध महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, वहीं महिला का पति जख्मी हो गया। वहीं एक अन्य घटना में भूसा लदी पिकप से कार की टक्कर में उन्नाव निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यह हादसा सफदरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदनपुर गांव के पास सोमवार शाम करीब 6 बजे हुआ। यहां पर दो बाइकों की आपस में हुई टक्कर में एक बाइक पर सवार अतहर अली 63 व उनकी पत्नी बदरूल निशां 60 निवासी रामपुर भवानीपुर थाना सफदरगंज के अलावा दूसरी बाइक पर सवार आकाश कुमार पुत्र शिवकुमार निवासी ग्राम काजीपुर थाना सतरिख गंभीर रूप से घायल हो गए।
उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने किसी तरह घायलों को संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर भेजा। जहां डॉक्टरों ने वृद्ध महिला बदरुल निशां और आकाश को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मृतका के पति अतहर अली गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका उपचार संयुक्त चिकित्सालय में जारी है। दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार बताई जा रही। हादसे के बाद मृतकों के परिवारो में कोहराम मच गया।
कोतवाल अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस को भेजा गया है। कोतवाली क्षेत्र में बड़नापुर स्थित देशी शराब ठेके के सामने रविवार देर रात शिवरतनगंज से हैदरगढ़ आ रही एक कार सड़क किनारे भूसे से लदी खड़ी पिकअप में पीछे से जा टकराई। दुर्घटना में कार चालक के बगल बैठे सोनू सिंह 40 पुत्र राजू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एम्बुलेंस से सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोनू सिंह उन्नाव जिले के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के दरेहटा गांव के निवासी थे। वह हैदरगढ़ में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
