फीडबैक, शिकायतों के निस्तारण और स्कूलों में जागरूकता पर जोर... स्वच्छ रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंचने के लिए नगर निगम ने कार्ययोजना की तैयार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नगर आयुक्त ने बताया कैसे तीसरे स्थान पर पहुंचा लखनऊ

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के लिए निदेशालय की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम में दिया प्रस्तुतीकरण

लखनऊ, अमृत विचार : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के लिए नगर निकाय निदेशालय की ओर से सोमवार को नगर निगम मुख्यालय के त्रिलोकनाथ सभागार में मंडल स्तर पर बैठक हुई। जिसमें स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर कार्य के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रस्तुतीकरण दिया गया। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि लखनऊ कैसे स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में तीसरे स्थान पर पहुंचा। उन्होंने कहा कि इस बार पहले स्थान पर पहुंचने के लिए लखनऊ नगर निगम ने कार्ययोजना तैयार की है, जिस पर काम किया जा रहा है। पिछली बार सर्वेक्षण में लखनऊ को जहां कम अंक मिले थे, उन पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लखनऊ नगर निगम द्वारा दी जा रहीं सुविधाओं पर जनता से अधिक से अधिक फीडबैक मांगा जा रहा है। शिकायतों के शत प्रतिशत निस्तारण पर जोर देने के साथ स्कूलों में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।

बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार, पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान, उप नगर आयुक्त रश्मि भारती, अपर जिलाधिकारी, मंडल के समस्त अधिशासी अधिकारी सहित सम्बंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

हर जोन में नगर निगम बना रहा एक मॉडल वार्ड

प्रभारी स्वच्छ भारत मिशन एवं उप नगर आयुक्त रश्मि भारती ने बताया कि नगर निगम के प्रत्येक जोन में एक मॉडल वार्ड बनाया जा रहा है। यहां कालोनियों के आवासीय और व्यावसायिक भवनों से नियमित कूड़ा कलेक्शन और साफ-सफाई की जाएगी। कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां प्रतिदिन जाएंगी। इसके अलावा सभी भवनों से शत प्रतिशत यूजर चार्ज लेने पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके बाद धीरे-धीरे प्रत्येक जोन में कई वार्डों को मॉडल वार्ड बनाया जाएगा।

 

संबंधित समाचार