Moradabad: हर-घर जल योजना की हकीकत: तीन साल बाद भी गोट में टंकी से जलापूर्ति नहीं

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। हर घर जल–जल जीवन मिशन, राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन (नमामि गंगे) व ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की योजना जिले में अपेक्षित परिणाम नहीं दे पा रही है। तीन वर्षों में कई गांवों में टंकी का निर्माण अधूरा है या निर्माण के बाद भी जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है।

योजना के अंतर्गत जिले की 647 ग्राम पंचायतों में 2024 तक 440 ग्राम पंचायतों में पानी की टंकियों का निर्माण पूरा किया जाना था, लेकिन कई स्थानों पर आज तक जमीन उपलब्ध नहीं हुई, कहीं केवल बोरिंग कर छोड़ दिया गया, तो कई गांवों में टंकियों के बनने के बाद भी पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई।

सदर ब्लॉक के गोट गांव में 6 जनवरी 2023 को टंकी का निर्माण शुरू हुआ था। उस समय इससे लाभान्वित होने वाली आबादी 7,990 थी, जो अब बढ़कर लगभग 10,000 हो चुकी है। करीब 281.78 लाख रुपये की लागत से बनी यह पानी की टंकी निर्धारित समय से दो वर्ष बाद भी चालू नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन जगह-जगह से फट चुकी है। खुदाई से सड़कें भी खराब हो गई हैं, लेकिन अब तक एक बूंद पानी नसीब नहीं हुई। 

ग्राम पंचायत सचिव सुशील यादव ने बताया कि टंकी निर्माण के दौरान हुई खोदाई से गांव की सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जबकि जलापूर्ति अब तक शुरू नहीं हो पाई है। पंचायत सचिव अभिरूप टंडन ने बताया कि चक बेगमपुर और ठीकरी गांवों में पानी की टंकी होने के बावजूद कुछ घंटों के लिए भी नियमित जलापूर्ति नहीं हो पाती।पंचायत सचिव महेंद्र सिंह ने बताया कि लदावली गांव में पानी की टंकी के लिए चिन्हित भूमि पर केवल बोरिंग का गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है।

पांच प्रतिशत भी टंकियां चालू नहीं
एडीओ पंचायत इरफान मलिक ने बताया कि हर घर जल योजना जल जीवन मिशन के अंतर्गत आती है, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2019 को की थी। इसका उद्देश्य 2024 तक प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नल से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। यह योजना राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम का पुनर्गठन है, जिसमें जल संरक्षण और जल प्रबंधन भी शामिल है। उन्होंने स्वीकार किया कि जिले में पांच प्रतिशत पानी की टंकियां भी पूरी तरह से चालू नहीं हुई हैं।

संबंधित समाचार