कोडीन कफ सिरप केस में जौनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी शशांक मौर्या गिरफ्तार
जौनपुर। कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ जौनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जौनपुर जिले से पहली गिरफ्तारी की है। पुलिस ने इस मामले में शशांक मौर्या को गिरफ्तार किया है, जिसकी फर्म का नाम 'न्यू मिलन सुपर फार्मा' बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में जौनपुर कोतवाली में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस अब आरोपी से जुड़े कारोबार और संपत्तियों के जब्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू करने की तैयारी में है।
सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) गोल्डी गुप्ता ने बताया कि मामले में कुल 22 लोगों के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किए गए हैं। पूरे नेटवर्क की गहन पड़ताल की जा रही है और जो भी व्यक्ति इस अवैध धंधे में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।
