हरदोई में लुटेरों का तांडव : परिजनों को बंधक बनाकर लूटी नकदी और जेवर
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में मंगलवार तड़के चार बजे पांच से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में गृहस्वामी और परिजनों को बंधक बनाकर नकदी और जेवर लूट लिये। घटना की जानकारी पर एसपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों को लगा दिया गया है पुलिस का दावा है कि शीघ्र ही खुलासा कर लिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गृहस्वामी और परिजनों को बंधक बनाकर लूटपाट की यह सनसनीखेज वारदात शाहाबाद कोतवाली इलाके के मलकापुर गांव में हुई है। यहां के रहने वाले अनीस पुत्र नसीर के घर में पांच से अधिक हथियारबंद बदमाश घर में घुसे और गृहस्वामी समेत परिजनों को असलहो की दम पर बंधक बना लिया और उनसे अलमारी की चाभियां ले ली। जिसके बाद बदमाश अलमारी खोलकर उसमे रखे तीस हजार नकद और जेवरों की लूटपाट करके आराम से घर से फरार हो गए।
बदमाशों के घर से जाने के बाद डरे हुए गृहस्वामी ने करीब साढ़े चार बजे सुबह 112 को सूचना दी कि उनके घर मे 4 से 5 बदमाश घुसे है और उन्हें और परिजनों को बंधक बनाकर उनसे घर के अलमारी आदि की चाभी लेकर 30 हजार की नकदी समेत लाखों के जेवर लूटकर फरार हो गए। मामले की सूचना पर शाहाबाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
घर के अंदर बदमशों द्वारा लूट की वारदात की जानकारी होते ही एसपी अशोक मीणा ,सीओ शाहाबाद और एएसपी पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह भी मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और परिजनों से घटना की जानकारी ली गयी। जिसके बाद एसपी अशोक कुमार मीणा ने घटना के खुलासे के लिए एएसपी के नेतृत्व में 3 टीमें तत्काल बनाकर बदमाशों की तलाश शुरू की गयी है।
एसपी ने बताया सर्विलांस टीम सहित अन्य टीम पूरे मामले में शामिल बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा। फिलहाल इस दुःसाहसिक वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
