समाज और ट्रांसजेंडर समुदाय के बीच सेतु बनेगा 'गरिमा गृह' : आनंदीबेन पटेल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बस्ती। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को कहा कि गरिमा गृह समाज और ट्रांसजेंडर समुदाय के बीच सेतु का कार्य करेगा तथा उन्हें सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा। 

इंदिरा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा लैबुड़वा ताल के समीप निर्मित ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए 'गरिमा गृह' के शिलान्यास अवसर पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ट्रांसजेंडरों के उत्थान के लिए नीति बनाकर राज्यों को कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिक्षा और रोजगार के माध्यम से उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि ट्रांसजेंडर समाज का अभिन्न अंग हैं और परिवारों को ऐसे बच्चों को अपनाकर शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल करनी चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि गरिमा गृह ट्रांसजेंडरों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देगा। 

उन्होंने समाज से पूर्वाग्रह त्यागकर संवेदनशीलता के साथ इस समुदाय को स्वीकार करने की अपील की। कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, डीआईजी संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। 

संबंधित समाचार